मऊ में स्कॉर्पियो-ट्रक की भीषण टक्कर : एक ही परिवार के 5 सदस्यों समेत पालतू कुत्ते की मौत

रांची से बेटी की शादी कर लौट रहा परिवार मऊ में हादसे का शिकार
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

मऊ : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शनिवार तड़के स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई और हादसे में एक पालतू कुत्ते की भी जान चली गई।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा तड़के करीब तीन बजे दोहरीघाट थाना क्षेत्र में राजमार्ग पर हुआ जब गोरखपुर जिले के रानीडीहा का निवासी एक परिवार दो सहयोगियों के साथ रांची (झारखंड) से अपनी बेटी की शादी कर स्कॉर्पियो से लौट रहा था।

घोसी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि झारखंड नंबर की कार अनियंत्रित होकर गलत लेन में चली गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान विनय श्रीवास्तव (53), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48), पुत्र कृतार्थ श्रीवास्तव (27), रविंद्र यादव (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28) के रूप में हुई है। रविंद्र और पुरुषोत्तम गया जिले के रहने वाले थे।

सूचना मिलते ही दोहरीघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद शवों को वाहन से बाहर निकाला गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच कर रही है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति की कामना की है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, जनपद मऊ में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in