

मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में धार्मिक आस्था और विश्वास का झांसा देकर एक आभूषण कारीगर से करीब 32 ग्राम सोना ठगने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मेरठ की देहली गेट थाना पुलिस और स्वाट टीम ने एक संयुक्त अभियान के तहत इस अंतरराज्यीय ठग गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में से चार बदमाशों पर पुलिस की ओर से पहले ही 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका था।
देहली गेट थाना प्रभारी राहुल कुमार ने शनिवार को इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि ठगी की यह घटना बीते छह नवंबर को धनतेरस के दिन हुई थी। आरोपियों ने मेरठ के सर्राफा बाजार में एक आभूषण कारीगर को अपना निशाना बनाया। गिरोह के सदस्यों ने खुद को ख्वाजा गरीब नवाज का मुरीद और दरगाह के खादिम का बेटा बताकर कारीगर से बातचीत शुरू की और उसका भरोसा जीता।
इसके बाद आरोपियों ने कारीगर को अपने जाल में फंसाने के लिए उससे गुलाब का फूल मंगवाया और उसके लिए खास दुआ करने का नाटक किया। उन्होंने कारीगर के मन की बात जानने जैसा भ्रम पैदा कर उसे पूरी तरह झांसे में ले लिया। विश्वास जीतने के बाद, धार्मिक दीदार कराने के बहाने ठगों ने कारीगर के पास मौजूद सोना अपने एक साथी के पास रखवा दिया। जैसे ही कारीगर थोड़ा दूर हटा, गिरोह के सभी सदस्य सोना लेकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित कारीगर की शिकायत पर सात नवंबर को देहली गेट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और स्वाट टीम लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी थी।
संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने सरवर अली, सज्जाद अली, मुजाहिद अली, मोहम्मद सादिक और सद्दाम मौला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब 27 ग्राम पीली धातु और 3,600 रुपये नकद बरामद हुए हैं। विधिक कार्रवाई जारी है।