26 घंटे में ट्रेनों और अस्पताल में 3 हत्याएं करने वाला पूर्व सैनिक चंदौली मुठभेड़ में ढेर

सेना से सेवानिवृत्ति के बाद सुरक्षा गार्ड की नौकरी से निकाले जाने पर भड़का गुरुप्रीत सिंह
साइको किलर ढेर
साइको किलर ढेर
Published on

चंदौली : चंदौली जिले में तीन लोगों की हत्या का आरोपी पूर्व सैनिक पुलिस से मुठभेड़ में मारा गया। वारदात में एक दारोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गये हत्यारे की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी गुरुप्रीत सिंह के रूप में हुई है।

पटेल ने बताया कि सिंह पर अलग-अलग तारीखों पर दो लोगों की ट्रेन में और एक व्यक्ति की अस्पताल में गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। सोमवार की रात पुलिस उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर रेलवे स्टेशन ले गई और बाद में उसे रात करीब साढ़े 10 बजे वारदात की परिस्थितियों के आकलन के लिए सकलडीहा क्षेत्र में ले गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनी और पुलिस टीम पर गोलियां चलाकर भागने की कोशिश की। पीछा करने पर आरोपी ने दोबारा गोली चलायी इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं, जो सिंह के सीने और पेट में लगी। सिंह को अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से एक दारोगा तथा एक सिपाही भी जख्मी हुआ है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिंह वर्ष 2021 में सेना से सेवानिवृत होने के बाद बिहार में सुरक्षा गार्ड की नौकरी कर रहा था लेकिन बहुत ज्यादा शराब पीने के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था जिससे वह काफी आक्रोशित था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सिंह ने गत 9 मई को बिहार से प्रयागराज व चंदौली के बीच यात्राएं की थीं और इस दौरान उसने 3 लोगों की हत्या की थी।

उन्होंने बताया कि उसने गत 10 मई की सुबह पीडीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में गाजीपुर के जमानिया निवासी मंगरू नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की थी, और उसके बाद उसने 10-11 मई की मध्यरात्रि करीब दो बजे जम्मू-तवी एक्सप्रेस में एक और यात्री की की भी सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी।

पटेल ने बताया कि सिंह ने इसके अलावा 11 मई की सुबह जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती बिहार के भभुआ की रहने वाली लक्ष्मीना देवी की भी कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी थी, लेकिन वहां से भागते वक्त भीड़ ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक हत्यारोपी ने पूछताछ में तीनों हत्याओं के पीछे किसी से भी कोई व्यक्तिगत रंजिश या विवाद न होने की बात कही थी। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in