भ्रष्टाचार का खात्मा व्यवस्था में परिवर्तन लाकर ही संभव : राजनाथ सिंह

BJP अन्य पार्टियों की तरह जाति, पंथ या धर्म के आधार पर राजनीति नहीं करती। हम देश की सुरक्षा, गौरव, संस्कृति और विकास कार्यों के लिए राजनीति करते हैं।
भ्रष्टाचार का खात्मा व्यवस्था में परिवर्तन लाकर ही संभव : राजनाथ सिंह
Published on

लखनऊ : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देते हुए शनिवार को कहा कि भ्रष्टाचार का खात्मा भाषण से नहीं, व्यवस्था में परिवर्तन लाकर, अंकुश लगाकर ही संभव हो सकता है और सिर्फ प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार खत्म करके दिखाया है।

अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आये रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सदर छावनी स्थित संस्कृत विद्यालय के सभागार में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध वर्ग से संवाद करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार खत्म करने की बात सब करते हैं, लेकिन इसे रोकने के लिए वास्तविक प्रयास किसी ने किया तो वह प्रधानमंत्री मोदी ने किया।

राजनीति में बड़ा बदलाव

बिहार में BJP नीत NDA की प्रचंड जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम से भारतीय राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला। कार्यकर्ताओं के प्रयास और मेहनत से बिहार में शानदार जीत हासिल हुई है। सिंह ने कहा, BJP अन्य पार्टियों की तरह जाति, पंथ या धर्म के आधार पर राजनीति नहीं करती। हम देश की सुरक्षा, गौरव, संस्कृति और विकास कार्यों के लिए राजनीति करते हैं।

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे

रक्षा मंत्री ने विपक्ष की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, पूर्ववर्ती सरकारों में दी जाने वाली सहायता राशि पूरी तरह लाभार्थियों तक नहीं पहुंचती थी और 100 में से लगभग 85 रुपये भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे। लेकिन हमारी सरकार ने फैसला किया कि भ्रष्टाचार रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति का खाता खोला जाएगा। अब 100 का 100 पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में जाता है।

2027 में यूपी में भी दोहराई जाएगी

उन्होंने कहा, जनता ने देखा कि बिहार की सरकार में भ्रष्टाचार नहीं है और इस भरोसे के कारण उन्हें बिहार की सत्ता सौंप दी गई। राजनाथ ने कहा कि इस बार जनता ने बिहार में NDA को प्रचंड बहुमत दिया है और यह सफलता 2027 में उत्तर प्रदेश में भी दोहराई जाएगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in