

बलरामपुर : बलरामपुर जिले में घने कोहरे के बीच दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में पांच युवकों की मौत हो गई तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसा बुधवार देर रात बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर अक्षय बड़हरा गांव के पास हुआ। घना कोहरा होने के कारण सड़क पर दृश्यता काफी कम थी और इसी दौरान सड़क पर जा रहे एक राहगीर को बचाने के प्रयास में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
सिंह ने बताया कि हादसे के समय दोनों मोटरसाइकिलों पर युवक सवार थे और वे उतरौला की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार सात युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल उतरौला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य का गंभीर हालत में उपचार शुरू किया गया।
सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान मोहम्मद फारूक (18), सलीम (18), गुफरान (17), तौफीक (19) और फजल मोहम्मद (23) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि ये सभी छप्पर तलवा और गौरीवनडीह गांव से थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे में घायल युवकों की पहचान मुजम्मिल (22) और नाहिद रजा के रूप में हुई है। हादसे की प्रारंभिक वजह घना कोहरा और कम दृश्यता बताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गये हैं। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।