नोएडा के हाईराइज अपार्टमेंट में आग से मची अफरा-तफरी, ऊपरी मंजिल तक पहुंचने में जूझती रही दमकल टीम

शॉर्ट सर्किट से मानी जा रही आग की वजह, टावर खाली कर सभी निवासियों को सुरक्षित निकाला गया, हाईराइज इमारतों की अग्नि सुरक्षा पर उठे सवाल
अग्निशमन विभाग को आग बुझाने में करनी पड़ी मशक्कत
नोएडा के हाईराइज अपार्टमेंट में आग से अफरा तफरी
Published on

नोएडा के सेक्टर-74 स्थित आईवी काउंटी सोसायटी में शुक्रवार सुबह एक रिहायशी टावर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार आग 28 मंजिला इमारत के 12वें तल पर बने एक फ्लैट में भड़की, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

दमकल को हुई काफी परेशानी

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की ऊंचाई ने राहत कार्य को चुनौतीपूर्ण बना दिया। दमकलकर्मी काफी देर तक ऊपरी मंजिल तक पानी पहुंचाने की कोशिश करते रहे, पर शुरुआती प्रयासों में पानी छठी मंजिल से आगे नहीं जा सका। इसके बावजूद टीमों ने समन्वय बनाकर लगातार प्रयास जारी रखे और अंततः आग पर काबू पा लिया।

टावर को कराया खाली

आग लगते ही सोसायटी में रह रहे लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोग घबराकर तुरंत सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतर आए। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे टावर को खाली कराया और आसपास के फ्लैटों के निवासियों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि प्रभावित लोगों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाए।

प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि फायर विभाग विस्तृत जांच कर रहा है। इस घटना ने एक बार फिर ऊंची इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों की वास्तविक स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in