'2027 में BSP अकेले लड़ेगी यूपी विधानसभा चुनाव', अपने 70वें जन्मदिन पर बोलीं पार्टी प्रमुख मायावती

कहा, 2027 में उत्तर प्रदेश में BSP पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी
बसपा प्रमुख मायावती।
बसपा प्रमुख मायावती।
Published on

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती ने गुरुवार को कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 सहित देश में होने वाले सभी छोटे-बड़े चुनाव अकेले लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में बसपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।

BSP सुप्रीमो मायावती ने लखनऊ में अपना 70वां जन्मदिन मनाया। उन्होंने BJP सहित अन्य राजनीतिक दलों पर निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट किया, हमारी पार्टी ने उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में सभी चुनाव अकेले लड़ना अधिक उचित समझा है। किसी भी पार्टी के साथ किसी भी चुनाव में किसी प्रकार का गठबंधन नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि यह भरोसा हो जाता है कि किसी गठबंधन सहयोगी पार्टी के खासकर अगड़ी जातियों के वोट बसपा को स्थानांतरित हो सकते हैं, तभी गठबंधन पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में वर्षों लग सकते हैं।

मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता बसपा के चार कार्यकालों को याद करते हुए एक बार फिर 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि इसे साकार करने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह जुट गए हैं, ताकि इस बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई जा सके।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस, BJP सहित अन्य जातिवादी पार्टियां विभिन्न हथकंडे अपना रही हैं जिनका मुंहतोड़ जवाब देकर उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार BSP की सरकार बनानी है।

EVM को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले कई चुनावों की तरह इस बार भी EVM में धांधली और बेईमानी हो सकती है, इसके बावजूद बसपा पूरे देश में पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि लोगों का मानना है कि EVM में धांधली करने वालों का सिस्टम कभी भी विफल हो सकता है और तब सही चुनाव परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे देश में ईवीएम का विरोध बढ़ रहा है।

BSP प्रमुख ने पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि बसपा के संस्थापक कांशीराम के निधन पर राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं किया गया और उनकी उपेक्षा की गई थी। उन्होंने कहा कि अन्य जातियों के साथ-साथ मुस्लिम समाज के साथ भी अन्याय हुआ है। मायावती ने दावा किया कि बसपा सरकार के दौरान दंगे नहीं हुए और यादव समाज का भी पूरा ध्यान रखा गया।

इससे पहले मायावती के जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्रीराम से आपके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने लिखा, आदरणीय सुश्री मायावती जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। उन्हें स्वस्थ, स्वतंत्र जीवन और सार्थक सक्रियता के लिए अनंत शुभकामनाएं।

उन्होंने आगे लिखा, शोषित, वंचित, उत्पीड़ित और उपेक्षित समाज के मान-सम्मान एवं अधिकारों के लिए उनका संघर्ष निरंतर बना रहे। इसी कामना के साथ पुनः जन्मदिन की बधाई। बसपा प्रमुख मायावती का आज 70वां जन्मदिन है, जिसे पार्टी पूरे प्रदेश में ‘जनकल्याणकारी दिवस’ के रूप में मना रही है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in