

लखनऊ : ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने बृहस्पतिवार को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन का औपचारिक ऐलान करते हुए कहा कि 2027 में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव दोनों दल मिलकर लड़ेंगे। मोर्चे ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने यहां संयुक्त रूप से एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मोर्चा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगा और इसका उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दोबारा सत्ता में आने से रोकने के साथ ही प्रदेश में राजनीतिक बदलाव लाना है।
ओवैसी ने कहा, मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि चंद्रशेखर आजाद इस मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। यह गठबंधन उत्तर प्रदेश में भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए एक मजबूत विकल्प बनेगा। उन्होंने कहा कि मोर्चे की प्राथमिकताओं में शिक्षा, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
आजाद ने कहा कि उनका मोर्चा कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का पहला मोर्चा है जो कमजोर, वंचित, शोषित और पीड़ित वर्गों के जुड़ने से और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि मोर्चा 2027 में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा।
आजाद ने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए यदि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस इस गठबंधन में शामिल होना चाहेंगी, तो मोर्चा उनका साथ देने को तैयार है। उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से सांसद आजाद ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दल लंबे समय से वंचित समाज को मुख्यधारा में लाने, गरीबी दूर करने और अत्याचार खत्म करने के वादे करते रहे हैं, लेकिन ये वादे पूरे नहीं हुए।
उन्होंने कहा कि सरकारें बदलती रहीं और घोषणाएं होती रहीं, लेकिन बहुजन समाज आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। दलित बस्तियों में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है। पढ़े-लिखे युवा बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं, जबकि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों को मुकदमों और सरकारी कार्रवाई का सामना करना पड़ता है।
आजाद ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने राजनीतिक सत्ता को समस्याओं के समाधान की कुंजी बताया था। लोकतंत्र में जिन लोगों का अपना राजनीतिक दल नहीं होता, उनकी आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठ पाती।
उन्होंने कहा, अब वंचित समाज अपने मताधिकार की ताकत से राजनीतिक शक्ति हासिल करेगा और किसी के सामने हाथ फैलाने के बजाय खुद फैसले लेने की स्थिति में आएगा। आजाद ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके करीब साढ़े नौ साल के कार्यकाल में वंचित समाज को न तो पर्याप्त सुरक्षा मिली और न ही न्याय।