UP में LPG सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग पर एक्शन, 1483 जगहों पर छापेमारी

6 लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि 19 लोगों के खिलाफ मुकदमा शुरू
LPG सिलेंडर
LPG सिलेंडर
Published on

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों का अनुपालन करते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग जिला प्रशासन के साथ मिलकर पूरे प्रदेश में LPG सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहा है। निरीक्षण एवं छापेमारी कर रहा है ताकि कहीं भी कोई कमी या अनियमितता न हो।

इस संबंध में उप्र के मुख्य सचिव SP गोयल ने सभी जिलाधिकारियों को पेट्रोल, डीजल और LPG सिलेंडर की उपलब्धता बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश जारी किए हैं।

उत्तर प्रदेश में कालाबाजारी के विरुद्ध तीव्र एवं सख्त कार्रवाई की जा रही है। यूपी सरकार ने शुक्रवार देर रात एक बयान में कहा कि इस अभियान के तहत, जिला स्तर पर कई प्रवर्तन टीम ने शुक्रवार को कुल 1,483 स्थानों पर निरीक्षण और छापेमारी की।

इस कार्रवाई के दौरान LPG वितरकों के खिलाफ चार प्राथमिकी दर्ज की गईं, जबकि LPG गैस की कालाबाजारी में शामिल अन्य व्यक्तियों के खिलाफ 20 प्राथमिकी दर्ज की गईं। मौके से 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि 19 लोगों के खिलाफ मुकदमा शुरू किया गया है।

राज्य में कार्यरत 4,108 LPG गैस वितरकों के माध्यम से उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार खाली सिलेंडर के बदले भरे हुए सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। बयान में कहा गया है कि वितरकों के पास एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आवश्यकतानुसार घरेलू एलपीजी रिफिल की आपूर्ति की जा रही है।

भारत सरकार ने वाणिज्यिक सिलेंडरों के लिए कुल खपत का 20 प्रतिशत तक आवंटन की अनुमति दी है, ताकि होटल, रेस्तरां और अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को गैस आपूर्ति अप्रभावित रहे।

आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए, पेट्रोलियम उत्पादों के वितरण से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए खाद्य आयुक्त के कार्यालय में 24 घंटे सक्रिय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। वहां खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को तैनात किया गया है। राज्य भर के सभी जिलों में नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए गए हैं।

उपभोक्ताओं के लिए LPG की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला आपूर्ति कार्यालय और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। सरकार का प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि राज्य के हर हिस्से में पेट्रोल, डीजल और LPG की आपूर्ति निर्बाध रहे और आम जनता को कोई असुविधा नहीं हो।

ये भी पढ़ें : कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग पर भड़की मायावती, कांग्रेस को बताया दलित विरोधी पार्टी

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in