

लखनऊ : राजधानी लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (MBBS) में मरीजों और उनके तीमारदारों को ठगने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार ठग की पहचान हस्साम अहमद के रूप में हुई है। उसे KGMU परिसर के अंदर MBBS के छात्रों ने कथित तौर पर 'कार्डियो सेवा संस्थान' नाम के एक काल्पनिक संगठन के नाम पर मरीजों से धन वसूलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई यूनिवर्सिटी के प्रॉक्टर कार्यालय से मिली एक शिकायत के बाद की गई। शिकायत में धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों का जिक्र किया गया था।
उन्होंने बताया, शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने 13 अप्रैल की तारीख का एक नकली नोटिस भी जारी किया था जिस पर एक वरिष्ठ फ़ैकल्टी सदस्य के जाली हस्ताक्षर थे और इसमें 2023 बैच के एमबीबीएस छात्रों को 29 अप्रैल को दिल्ली स्थित एम्स में होने वाले एक कथित सम्मेलन में आमंत्रित किया गया था। बाद में पता चला कि यह सम्मेलन पूरी तरह से फ़र्ज़ी था।
सूत्रों ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन की जांच करने पर कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं, लिहाजा जांचकर्ताओं को शक है कि वह मेडिकल के छात्रों, विशेष रूप से छात्राओं को सम्मेलनों के बहाने दिल्ली या अन्य जगहों पर बुलाने की कोशिश कर रहा था जिससे एक बड़ी आपराधिक साजिश हो सकती थी।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी क्षेत्र) कमलेश दीक्षित ने कहा, KGMU के कार्यवाहक प्रॉक्टर से एक शिकायत मिली थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि हस्साम अहमद इलाज के नाम पर मरीजों और उनके साथ आए लोगों को ठगने में शामिल है। उसके मोबाइल फोन में कई जाली दस्तावेज भी मिले हैं। इन तथ्यों के आधार पर एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आगे की जांच जारी है।
उन्होंने बताया कि चौक पुलिस थाने में 'भारतीय न्याय संहिता' की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।