फर्जी आधार-पैन से कंपनियां खड़ी कर 27 करोड़ की GST चोरी, 3 लोग गिरफ्तार

SIT की जांच में खुला राज
फर्जी आधार-पैन से कंपनियां खड़ी कर 27 करोड़ की GST चोरी, 3 लोग गिरफ्तार
Published on

मेरठ/बहराइच : उत्तर प्रदेश के मेरठ और बहराइच जिलों में कई करोड़ रुपये के दो अलग-अलग GST धोखाधड़ी मामले में शामिल गिरोह का पर्दाफाश करके तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि धोखाधड़ी की रकम 27 करोड़ रुपये से अधिक है।

मेरठ में गिरफ्तार आरोपी वसीम अकरम उर्फ ​​मोनू (38) ने फर्जी कंपनियों के जरिए फर्जी चालान बनाकर ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ (ITC) जमा किया था, जिससे सरकार को करीब 17 करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हुआ।

पुलिस ने बताया कि मोनू ने फर्जी कंपनियों के जरिए फर्जी चालान बनाकर कर चोरी की थी।जांच में पता चला कि गाजियाबाद निवासी मोनू फर्जी आधार और पैन कार्ड का इस्तेमाल करके कंपनियां स्थापित करने और फर्जी माल एवं सेवा कर (GST) रिटर्न दाखिल करके कर चोरी करने वाले गिरोह का हिस्सा था।

इसके अलावा, उन्होंने ‘ई-वे’ बिलों में हेराफेरी करके भी कर चोरी की। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान मोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी कंपनियों के जरिए धोखाधड़ी करने की बात कबूल की।

बहराइच में पुलिस ने रविवार को बाराबंकी निवासी शुभम गुप्ता और सीतापुर निवासी नेक आलम को इसी तरह के गिरोह चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया, जिससे सरकार को करीब 10.23 करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हुआ। दोनों ने बहराइच जिले के पयागपुर में अलग अलग नामों से फर्में पंजीकृत कराई थीं।

अगस्त 2025 में GST विभाग के विशेष जांच दल (SIT) द्वारा दर्ज किए गए एक मामले की जांच में पता चला कि इन दोनों आरोपियों ने भोले-भाले लोगों को ऋण दिलाने का झांसा देकर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज एकत्र किए थे।

इन दस्तावेजों का उपयोग करके, आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी कंपनियां पंजीकृत कराईं और बिना किसी वास्तविक व्यावसायिक गतिविधि के काल्पनिक लेनदेन दिखाकर फर्जी चालान बनवाए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के हथकंडे के माध्यम से, दोनों ने धोखाधड़ी करके ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ का अवैध रूप से लाभ उठाकर विभिन्न कंपनियों के बीच कागजी लेन-देन दिखाया, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा।

पुलिस ने गुप्ता और आलम के कब्जे से फर्जी फर्मों से संबंधित दस्तावेज, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, लैपटॉप, मोबाइल फोन, 6 ATM कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस ने बताया गया कि इस मामले में GST की SIT ने मुकदमा दर्ज कराया था जिसके आधार पर गिरफ्तारी की गयी। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in