हॉस्टल में फंदे से लटका मिला डॉक्टर का शव, WhatsApp स्टेटस से बढ़ा रहस्य

हाथ से लिखा नोट भी बरामद परिवार ने की निष्पक्ष जांच की मांग
हॉस्टल में फंदे से लटका मिला डॉक्टर का शव, WhatsApp स्टेटस से बढ़ा रहस्य
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : नागरबाजार के एक हॉस्टल से NRS मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डॉक्टर अभिजीत सरकार (30) का शव बरामद होने के मामले में रहस्य गहराता जा रहा है। रविवार शाम हॉस्टल के कमरे से उनका शव फंदे से लटकता हुआ मिला था। घटना के बाद पुलिस को उनके कमरे से हाथ से लिखा एक नोट मिला है। इसके अलावा मोबाइल फोन पर दर्ज आखिरी WhatsApp स्टेटस ने भी जांचकर्ताओं का ध्यान खींचा है। बताया जा रहा है कि अभिजीत ने अपने आखिरी स्टेटस में लिखा था, ‘मैं अब और नहीं सह सकता।’ पुलिस मानसिक तनाव समेत मौत के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। अभिजीत के परिजनों को आशंका है कि उनकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह भी हो सकती है। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस हॉस्टल में रहने वाले अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। मोबाइल फोन की जांच, बरामद नोट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की परिस्थितियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस इसे अस्वाभाविक मौत का मामला मानकर जांच कर रही है।

2018 में NRS में लिया था दाखिला

अभिजीत मूल रूप से नदिया जिले के माजरग्राम के निवासी थे। वर्ष 2018 में उन्होंने NRS मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में MBBS की पढ़ाई के लिए दाखिला लिया था। वर्ष 2024 में MBBS पूरा करने के बाद 2025 में उनकी हाउसस्टाफशिप भी पूरी हो गयी थी। इसके बाद वह MD की तैयारी कर रहे थे और इसी सिलसिले में नागरबाजार के एक हॉस्टल में रह रहे थे। हॉस्टल की संचालिका की बेटी पायल सेनापति के अनुसार, नागरबाजार थाने की पुलिस ने फोन कर मकान नंबर 20 में रहने वाले अभिजीत सरकार का पता लगाने को कहा था। इसके बाद उनकी मां और हॉस्टल के मैनेजर अभिजीत के कमरे के सामने पहुंचे। कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। बाद में दरवाजा खोलने पर अभिजीत का शव कमरे में पंखे से बंधी रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। तत्काल पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। पायल के अनुसार, कमरे में काफी संख्या में सिगरेट के टुकड़े भी मिले हैं।

मोबाइल फोन जब्त

हॉस्टल संचालिका की बेटी का दावा है कि पुलिस को कमरे से हाथ से लिखा एक नोट भी मिला है, जिसमें मानसिक तनाव का जिक्र था। हालांकि, नोट में क्या लिखा था, इसकी पूरी जानकारी उन्हें नहीं है। पुलिस ने नोट, मोबाइल फोन और कमरे से मिली अन्य वस्तुओं को जब्त कर लिया है। जांच के लिए कमरे को सील कर दिया गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News