सोने-चांदी के गहनों से सजीं नैहाटी की देवी बरमा

दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
सोने-चांदी के गहनों से सजीं नैहाटी की देवी बरमा
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी में काली पूजा के अवसर पर देवी बरमा इस बार शाही आभूषणों से सजी नजर आ रही हैं। देवी के शरीर पर सोने और चांदी के गहनों का कुल वजन करीब एक क्विंटल 10 किलोग्राम बताया जा रहा है। इन आभूषणों की अनुमानित कीमत कई करोड़ रुपये है। माथे पर हीरे, माणिक और पन्ने जड़ित आकर्षक तिब्बती टिप और गले में नया सीता हार देवी के शृंगार का विशेष आकर्षण बने हुए हैं। देवी के इस भव्य रूप के दर्शन के लिए रविवार सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।

नये आभूषणों से बढ़ी देवी की शोभा

मंदिर की परंपरा के अनुसार, मुख्य पूजा से पहले दोपहर में देवी बरमा को विभिन्न कीमती आभूषणों से सजाया जाता है। इस बार भी देवी के सिर पर चांदी का मुकुट, हाथों में सोने की चूड़ियां और कंगन तथा पैरों में नूपुर पहनाये गये हैं। इसके साथ ही नया सीता हार और हीरे, माणिक तथा पन्ने से जड़ी तिब्बती टिप भी शृंगार में शामिल की गयी है। देवी की सुनहरी आंखें भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। पूजा कमेटी के प्रवक्ता अनंत चटर्जी ने बताया कि भक्तों की ओर से मिलने वाले खुले दान के कारण हर साल देवी के आभूषणों में बढ़ोतरी होती है। इस बार भी नये सीता हार और बहुमूल्य रत्नों से बनी टिप को देवी के शृंगार में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि परंपरा के अनुसार, देवी की सुनहरी आंखों को विसर्जन के समय जल में प्रवाहित करने की रस्म इस बार भी निभायी जाएगी।

अरविंद रोड पर श्रद्धालुओं का सैलाब

देवी के दर्शन के लिए शाम होते ही नैहाटी की अरविंद रोड पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी। रात गहराने के साथ ही दर्शनार्थियों की कतारें लंबी होती चली गयीं। मंदिर प्रबंधन का दावा है कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। पिछले दो दिनों में लाखों लोगों के दर्शन करने का दावा किया गया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और स्वयंसेवकों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

शाही भोग में खिचड़ी

रविवार शाम को देवी का स्वागत सिंदूर दान के साथ किया गया। मुख्य पूजा की शुरुआत रात करीब 12:30 बजे गंगाजल लाने की रस्म से हुई। देवी को भोग में खिचड़ी, पुलाव, फिश फ्राई, पंचमिशली करी, आलू दम, चटनी, पायस और विभिन्न मिठाइयां अर्पित की गयीं। वहीं, महादेव के लिए लूची, सफेद चावल, दाल, आलू-फूलगोभी की सब्जी, छोले की करी, सूजी का हलवा और मिठाइयों का भोग तैयार किया गया। मंदिर में रात 1:30 बजे अंजलि शुरू हुई और सुबह करीब तीन बजे श्रद्धालुओं के बीच संदेश तथा प्रसाद का वितरण किया गया। देवी बरमा के भव्य शृंगार, पारंपरिक पूजा और विशेष भोग के कारण नैहाटी में काली पूजा का उत्सव इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News