सियालदह-हासनाबाद शाखा पर मची अफरा-तफरी

अप और डाउन दोनों दिशाओं में एक घंटे बाधित रही ट्रेन सेवा भ्याबला स्टेशन के पास मिली एक इंच चौड़ी दरार
सियालदह-हासनाबाद शाखा पर मची अफरा-तफरी
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के हासनाबाद क्षेत्र में भ्याबला स्टेशन के पास गुरुवार सुबह रेल पटरी में बड़ी दरार मिलने से सियालदह-हासनाबाद शाखा पर अफरा-तफरी मच गयी। समय रहते दरार का पता चलने और रेल परिचालन रोक दिए जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के कारण शाखा पर अप और डाउन दोनों दिशाओं में एक घंटे से अधिक समय तक ट्रेन सेवा बाधित रही। सुबह के व्यस्त समय में लोकल ट्रेनों के विभिन्न स्टेशनों पर रुक जाने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

असामान्य आवाज सुनकर स्थानीय निवासी ने दी सूचना

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7 बजे भ्याबला स्टेशन के पास से एक लोकल ट्रेन गुजर रही थी। ट्रेन के दो डिब्बे आगे निकलने के बाद स्थानीय निवासी सुबल दास ने रेल पटरी से असामान्य तेज आवाज सुनी। आवाज सुनकर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने रेललाइन के पास जाकर देखा तो पटरी के एक हिस्से में करीब एक इंच चौड़ी दरार थी। साथ ही लोहे की पटरी का एक हिस्सा थोड़ा ऊपर उठा हुआ था।

रेल परिचालन रोककर शुरू की गयी मरम्मत

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सुबल दास ने बिना देर किए स्टेशन के पास मौजूद रेलकर्मियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और पटरी की जांच की। दरार की पुष्टि होने के बाद तत्काल एहतियाती कदम उठाते हुए उस लाइन पर ट्रेन परिचालन रोक दिया गया। इसके बाद रेलवे के रखरखाव विभाग के कर्मचारी आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे और पटरी की मरम्मत का काम शुरू किया। रेलकर्मी युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटे रहे।

ट्रेनें रुकीं, यात्रियों को हुई परेशानी

पटरी में दरार मिलने के बाद सियालदह-हासनाबाद शाखा पर अप और डाउन दोनों दिशाओं में ट्रेन सेवा प्रभावित हुई। कई लोकल ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर रुक गयीं। कामकाजी दिन और सुबह के व्यस्त समय में अचानक परिचालन बाधित होने से दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी हुई। बारासात जाने के लिए निकले यात्री भोलानाथ मंडल ने बताया कि ट्रेन एक घंटे से अधिक समय तक रुकी रहने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, मछली लेकर जा रहे कारोबारी अलाकुल इस्लाम ने भी ट्रेन में देरी के कारण अपना काम प्रभावित होने की बात कही।

स्थानीय निवासी की सतर्कता की चर्चा

घटना के बाद इलाके में स्थानीय निवासी सुबल दास की सतर्कता की चर्चा हो रही है। समय रहते पटरी में दरार का पता चलने और रेलकर्मियों को इसकी सूचना मिलने से संभावित दुर्घटना को टालने में मदद मिली। रेलवे की ओर से फिलहाल घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News