बेटी ने देखा पिता का फंदे से लटका शव, बिस्तर पर मृत मिली मां

बसीरहाट में दंपती की रहस्यमय मौत से सनसनी
बेटी ने देखा पिता का फंदे से लटका शव, बिस्तर पर मृत मिली मां
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के बसीरहाट में एक ही घर से पति-पत्नी के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी। बसीरहाट थाना अंतर्गत वार्ड नंबर 6 के सानापुकुर इलाके में गुरुवार सुबह यह घटना सामने आयी। घर के बारामदे में पति का शव फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि पत्नी कमरे के अंदर बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी थीं। घटना के समय घर में मौजूद उनकी 15 वर्षीय बेटी ने सुबह नींद से उठने के बाद सबसे पहले इस भयावह दृश्य को देखा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह किशोरी जब सोकर उठी तो उसकी नजर घर के बारामदे पर पड़ी, जहां उसके पिता फंदे से लटके हुए थे। यह देखकर वह घबरा गयी। इसके बाद उसने कमरे के अंदर जाकर देखा तो उसकी मां बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ी थीं। मां को इस हालत में देखकर किशोरी की चीख निकल गयी। उसने तत्काल फोन के माध्यम से अपने रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य घर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

एक ही घर में मिले पति-पत्नी के शव

सूचना मिलने के बाद बसीरहाट थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घर के बारामदे से पति और कमरे के बिस्तर से पत्नी का शव बरामद किया। मृतकों की पहचान 63 वर्षीय सुदेब गोस्वामी और उनकी 45 वर्षीय पत्नी सोमा गोस्वामी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पति की आत्महत्या की आशंका, पत्नी की मौत रहस्य

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि सुदेब गोस्वामी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि, उनकी पत्नी सोमा गोस्वामी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पायी है। उनकी मौत स्वाभाविक थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पति की कथित आत्महत्या और पत्नी की मौत के बीच कोई संबंध है या नहीं। एक ही घर में पति-पत्नी की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद, आर्थिक परेशानी या कोई अन्य वजह थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। घर में मौजूद 15 वर्षीय बेटी इस घटना की अहम प्रत्यक्षदर्शी है। पुलिस उससे भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा सकती है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही सोमा गोस्वामी की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। साथ ही पुलिस की जांच से ही इस रहस्यमय घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News