

सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के आगरपाड़ा के तेंतुलतला मोड़ इलाके में शुक्रवार को नकदी से भरा बैग मिलने से सनसनी फैल गई। बैग में करीब पांच लाख रुपये होने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। इस सिलसिले में स्थानीय लोगों ने दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। खड़दह थाने की पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और बरामद नकदी के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
बैग को लेकर आपस में कर रहे थे खींचतान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक मानस सरकार और मोहम्मद सईफ तेंतुलतला मोड़ के पास एक बैग को लेकर आपस में खींचतान कर रहे थे। दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर स्थानीय लोगों ने उनसे पूछताछ शुरू की। बताया जाता है कि दोनों युवक हावड़ा और बऊबाजार इलाके के रहने वाले हैं। इसी बीच एक युवक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने कुछ दूर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद दोनों के पास मौजूद बैग की तलाशी ली गई तो उसमें 500 रुपये के नोटों की कई गड्डियां मिलीं।
पांच लाख रुपये कहां से आए, पुलिस कर रही जांच
बैग में इतनी बड़ी रकम देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए। पूछताछ के दौरान दोनों युवक नकदी के स्रोत के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद स्थानीय लोगों ने खड़दह थाने को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों के साथ नकदी को भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ठगी या साइबर गिरोह से जुड़े होने की भी चर्चा
स्थानीय लोगों के बीच इस बात को लेकर चर्चा शुरू हो गई कि कहीं दोनों युवक किसी ठगी या साइबर अपराध से जुड़े गिरोह का हिस्सा तो नहीं हैं। हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों ने यह सवाल भी उठाया कि यदि दोनों युवक हावड़ा और बऊबाजार के निवासी हैं तो वे आगरपाड़ा में इतनी बड़ी रकम लेकर किस उद्देश्य से पहुंचे थे और सार्वजनिक स्थान पर बैग को लेकर विवाद क्यों कर रहे थे। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद ही नकदी के वास्तविक स्रोत और पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।