अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार

अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार
Published on: 

बैरकपुर : विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने निजी अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया एवं अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिल्टन प्रमाणिक उर्फ नील मिल्टन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे कोलकाता के जादवपुर स्थित आनंद पल्ली इलाके में एक किराए के मकान से गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में गत 4 अगस्त 2026 को विधाननगर साइबर क्राइम थाने में केस नंबर 112/26 दर्ज किया गया था। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

आरोप है कि शिकायतकर्ता को कथित तौर पर दबाव में लेकर धमकाया गया। इसके बाद उसकी निजी अश्लील तस्वीरें और वीडियो बिना सहमति के विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर दिए गए। शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने मामले की तकनीकी जांच शुरू की और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारियों का यह भी पता लगाने का प्रयास है कि इस कथित अपराध में आरोपी के अलावा अन्य कोई व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News