

JEE (Joint Entrance Examination) को देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक माना जाता है। हर साल लाखों बच्चे इसमें बैठते हैं, दिन-रात एक करते हैं, लेकिन सफलता चुनिंदा लोगों को ही मिलती है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है—क्या हर बच्चे को JEE की तैयारी करनी चाहिए?
अक्सर छात्र दूसरों की देखा-देखी या माता-पिता के दबाव में आकर कोचिंग्स की दौड़ में शामिल हो जाते हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह फैसला भेड़चाल में नहीं, बल्कि सूझबूझ से लिया जाना चाहिए। आइए जानते हैं वो 6 कड़वी और जरूरी बातें, जो हर पेरेंट्स और स्टूडेंट को गांठ बांध लेनी चाहिए।
क्या आपका बच्चा JEE के लिए बना है? 6 पैमाने
अगर आप या आपका बच्चा JEE की राह चुन रहा है, तो पहले इन छह बिंदुओं पर खुद को जरूर परखें:
PCM से सच्चा प्यार: यह तैयारी सिर्फ वही छात्र झेल सकते हैं जिनकी मैथ्स, फिजिक्स और केमिस्ट्री में गहरी रुचि और मजबूत समझ हो। बिना रटे, कॉन्सेप्ट्स से खेलने का हुनर होना जरूरी है।
इंजीनियरिंग का असली जुनून : करियर का चुनाव सिर्फ 'ट्रेंड' या समाज में रुतबे के लिए न हो। अगर भीतर से इंजीनियर बनने की सच्ची चाह है, तभी इस कठिन सफर पर निकलें।
मैराथन जैसी निरंतरता : JEE की तैयारी कोई 100 मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि एक मैराथन है। इसमें रोजाना बिना थके, लगातार और नियमित रूप से कड़ी मेहनत करने का जज्बा चाहिए।
रणनीति और अनुशासन : सिर्फ पढ़ने से काम नहीं चलता। जो छात्र अपने शिक्षकों की बताई गाइडलाइंस और सही स्ट्रेटेजी को पूरी शिद्दत से फॉलो करते हैं, उनकी सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
मेंटल टफनेस (मानसिक मजबूती): इस सफर में तनाव और उतार-चढ़ाव आना तय है। जो बच्चे प्रेशर में टूटने के बजाय अपने मानसिक संतुलन को बनाए रखते हैं और खुलकर अपनी बात शेयर करते हैं, वे ही टिक पाते हैं।
पेरेंट्स का 'सपोर्ट सिस्टम' न कि 'प्रेशर कुकर': माता-पिता को अपनी अधूरी महत्वाकांक्षाओं का बोझ बच्चों पर डालने के बजाय, उन्हें एक सकारात्मक और तनावमुक्त माहौल देना चाहिए।
सावधान! JEE एस्पिरेंट्स अक्सर करते हैं ये 5 बड़ी गलतियां
एक्सपर्ट्स के अनुसार, घंटों पढ़ाई करने के बाद भी कई छात्र इन कॉमन गलतियों के कारण रेस से बाहर हो जाते हैं:
वेटेज को नजरअंदाज करना : बिना यह जाने कि किस टॉपिक से कितने नंबर के सवाल आते हैं, बस गधों की तरह पढ़ाई करते रहना।
रिवीजन से दूरी : नया-नया पढ़ते जाना और पुराने पढ़े हुए का रिवीजन न करना सबसे आत्मघाती साबित होता है।
क्वालिटी बनाम क्वांटिटी : पढ़ाई की 'क्वालिटी' (समझ) देखने के बजाय सिर्फ पढ़ाई के 'घंटे' गिनना।
कच्चे कॉन्सेप्ट्स : बुनियादी बातों (Concepts) को पूरी तरह समझे बिना ही अगले चैप्टर्स पर कूद जाना।
आखिरी वक्त का पैनिक : एग्जाम के ठीक पहले नए टॉपिक्स को छूना और तनाव को खुद पर हावी कर लेना।
सफलता का सीक्रेट फॉर्मूला : सही रूटीन और माइंडसेट
देश के टॉप सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों (IITs/NITs) का रास्ता सिर्फ किताबों से होकर नहीं गुजरता, बल्कि इसके लिए सही लाइफस्टाइल भी जरूरी है :
एक्सपर्ट टिप : अपनी पढ़ाई का एक डेली ओर वीकली प्लान बनाएं। पढ़ाई के बीच-बीच में शॉर्ट ब्रेक्स (Short Breaks) लेना बेहद जरूरी है ताकि दिमाग रीचार्ज हो सके। अगर कभी भी तनाव या डिप्रेशन महसूस हो, तो उसे छुपाने के बजाय तुरंत अपने परिवार या टीचर्स से खुलकर बात करें।
JEE सिर्फ एक परीक्षा नहीं, बल्कि एक कठिन तपस्या है। पैरेंट्स और स्टूडेंट्स दोनों को यह समझना होगा कि हर बच्चा यूनिक है। यदि उसमें ऊपर बताए गए गुण हैं, तभी उसे इस क्षेत्र में आगे बढ़ाएं, अन्यथा जबरदस्ती का दबाव बच्चे का भविष्य बिगाड़ सकता है।