

नई दिल्लीः भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ ‘‘विशिष्ट प्रस्ताव’’ लाने के लिए एक नोटिस दिया है। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की सदन की सदस्यता रद्द करने और उन्हें आजीवन चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित करने की मांग की है।
संसद परिसर में ‘पीटीआई-वीडियो’ से बात करते हुए दुबे ने कहा कि उन्होंने अपने नोटिस में कहा है कि कैसे नेता प्रतिपक्ष विदेश जाते हैं और भारत विरोधी तत्वों के साथ सांठगांठ करते हैं। विशिष्ट प्रस्ताव का नोटिस स्वतंत्र होता है, जिसे सदन की मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाता है, और जिसे किसी फैसले या राय को दर्शाने के लिए तैयार किया जाता है।
दुबे ने कहा, ‘‘कोई विशेषाधिकार हनन नोटिस नहीं दिया है। मैंने एक विशिष्ट प्रस्ताव लाने के लिए नोटिस दिया है।‘‘ उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनकी तरह नियम-कानून की हत्या करने वाला नहीं हूं। मैंने एक विशिष्ट प्रस्ताव के लिए नोटिस दिया है, जिसमें यह जिक्र किया गया है कि कैसे ये (राहुल) सोरोस फाउंडेशन, फोर्ड फाउंडेशन, यूएसएड के साथ मिलकर थाईलैंड, कंबोडिया, वियतनाम, अमेरिका जाते हैं और किस तरह भारत विरोधी ताकतों के साथ मिले हुए रहते हैं।’’
भाजपा सांसद ने राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने और उन्हें चुनाव लड़ने से आजीवन प्रतिबंधित करने की भी मांग की।
राहुल लगातार सरकार को कर रहे परेशान
गौरतलब है कि संसद के बजट सत्र में राहुल गांधी लगातार सरकार को परेशान करने वाला सवाल उठा रहे हैं। पहले उन्होंने पूर्व सेना प्रमख जनरल नरवणे की पुस्तक को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला किया जिसकी वजह से लोकसभा में प्रधानमंत्री राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर अपना भाषण नहीं दे पाए। उसके बाद अब उन्होंने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। बुधवार को उन्होंने लोकसभा में कहा कि मोदी सरकार ने इस ट्रेड डील के जरिये भारत को बेच दिया है, भारत माता को बेच दिया है, और सरकार को शर्म आनी चाहिए। इसे लेकर सदन में काफी तीखी बहस देखने को मिली।