एलियन हैं कि नहीं, जल्द होगा खुलासा; ट्रंप ने UFO को लेकर की बड़ी घोषणा

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह पेंटागन और अन्य सरकारी एजेंसियों को परग्रही जीवों (एलियन्स) और ‘यूएफओ’ से संबंधित फाइल की पहचान करके उन्हें सार्वजनिक करने का निर्देश दे रहे हैं, क्योंकि इन विषयों में लोगों की ‘‘गहरी रुचि” है।
एयरफोर्स वन में पत्रकारों से बात करते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।
एयरफोर्स वन में पत्रकारों से बात करते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।
Published on

वॉशिंगटनः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह पेंटागन और अन्य सरकारी एजेंसियों को परग्रही जीवों (एलियन्स) और ‘यूएफओ’ से संबंधित फाइल की पहचान करके उन्हें सार्वजनिक करने का निर्देश दे रहे हैं, क्योंकि इन विषयों में लोगों की ‘‘गहरी रुचि” है।

ट्रंप ने यह घोषणा एक सोशल मीडिया पोस्ट में की। कुछ घंटे पहले ही उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा पर हाल में एक पॉडकास्ट साक्षात्कार में परग्रही जीवों के वास्तव में होने का संकेत देकर “गोपनीय जानकारी” उजागर करने का आरोप लगाया था। ‘एयर फोर्स वन’ विमान में संवाददाताओं से बातचीत में ट्रंप ने कहा, “मुझे नहीं पता कि परग्रही जीव वास्तव में हैं या नहीं।” उन्होंने ओबामा के संदर्भ में कहा, “मैं गोपनीयता हटाकर शायद उन्हें मुसीबत से बाहर निकाल दूं।”

अपने सोशल मीडिया मंच पर एक अन्य पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि वह एजेंसियों को “एलियन और बाह्य-स्थलीय जीवन, अज्ञात हवाई घटनाएं (यूएपी), अज्ञात उड़न तश्तरियों (यूएफओ) और इन अत्यंत जटिल लेकिन बेहद रोचक और महत्वपूर्ण मामलों से जुड़ी सभी सूचनाएं” जारी करने का निर्देश दे रहे हैं। ओबामा ने सप्ताहांत में एक पॉडकास्ट में अपनी टिप्पणी के बाद स्पष्ट किया था कि उन्होंने ऐसा कोई साक्ष्य नहीं देखा है कि परग्रही जीव “हमारे संपर्क में आए हैं।” हालांकि उन्होंने कहा “ब्रह्मांड इतना विशाल है कि बाहर जीवन होने की संभावना प्रबल है।”

ट्रंप ने एलियन पर अपने विचारों को स्पष्ट किया

ट्रंप ने कहा, “इस पर मेरी कोई राय नहीं है। मैं इस बारे में कभी बात नहीं करता। बहुत से लोग करते हैं। बहुत से लोग इस पर विश्वास करते हैं।” इस बीच, ट्रंप की पुत्रवधू लारा ट्रंप ने एक पॉडकास्ट में संकेत दिया कि राष्ट्रपति इस विषय पर “उचित समय” पर भाषण देने के लिए तैयार हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा “परग्रही जीवों पर भाषण मेरे लिए भी नई बात होगी।”

वर्ष 2017 में पेंटागन के पूर्व अफसरों और सरकारी अधिकारियों द्वारा नौसेना के अज्ञात वस्तुओं के वीडियो ‘द न्यूयार्क टाइम्स’ और ‘पॉलिटिको’ को लीक किए जाने के बाद यूएफओ और बाह्य-स्थलीय जीवन से जुड़े रहस्यों को लेकर जन रुचि फिर उभरी थी। मई 2022 में अमेरिकी कांग्रेस ने 50 वर्षों में पहली बार यूएफओ पर सुनवाई की, हालांकि अधिकारियों ने कहा था कि हरे त्रिकोण जैसे दिखने वाली वस्तुएं संभवतः ड्रोन थीं।

एयरफोर्स वन में पत्रकारों से बात करते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।
ईरान पर बड़े हमले की तैयारी में अमेरिका, कल का दिन महत्वपूर्ण

पेंटागन के पास हैं सारी फाइलें

पेंटागन ने तब से अधिक पारदर्शिता का आश्वासन दिया है। जुलाई 2022 में उसने ‘ऑल-डोमेन एनोमली रेजोल्यूशन ऑफिस’ (एएआरओ) का गठन किया, जो सैन्य यूएफओ की रिपोर्ट एकत्र करने के लिए केंद्रीय इकाई है। एएआरओ के तत्कालीन प्रमुख डॉ. सीन किर्कपैट्रिक ने 2023 में कहा था कि उन्हें किसी ऐसे कार्यक्रम का कोई साक्ष्य नहीं मिला है, जो बाह्य-स्थलीय की किसी प्रकार की ‘रिवर्स इंजीनियरिंग’ से संबंधित हो।

जून 2024 में कांग्रेस को सौंपी गई 18 पृष्ठों की रिपोर्ट में कहा गया था कि पिछले वर्ष 485 अज्ञात घटनाओं की रिपोर्ट मिलीं, जिनमें से 118 मामलों की पहचान गुब्बारों, पक्षियों और मानवरहित हवाई प्रणालियों जैसी सामान्य वस्तुओं के रूप में की गई। रिपोर्ट में कहा गया, “अब तक एएआरओ को बाह्य-स्थलीय प्राणियों, गतिविधि या प्रौद्योगिकी का कोई साक्ष्य नहीं मिला है।”

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in