

ब्रुसेल्स - c अमेरिका की ओर से मदद नहीं मिलने के कारण यूक्रेनी सैनिकों का मनोबल गिरने लगा था, लेकिन अब यूरोपीय देशों ने खुलकर समर्थन देने का फैसला किया है। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूरोपीय संघ ने यूक्रेन को सहायता देने के लिए अरबों डॉलर की अतिरिक्त राशि भेजने का निर्णय लिया है। इससे यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को एक बार फिर मजबूती और आशा मिली है।
भयावह और बेका है ये युद्ध - ट्रंप
इसी दौरान, अमेरिका के प्रतिनिधि ने रूस-यूक्रेन के बीच पिछले तीन सालों से जारी युद्ध को समाप्त करने की रूसी मंशा पर उठ रहे संदेहों के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। यूक्रेन ने जहां अमेरिका के युद्धविराम प्रस्ताव का समर्थन किया है, वहीं रूस ने इसमें जटिल और लंबी शर्तें जोड़कर इस प्रक्रिया को प्रभावहीन बना दिया है। यूरोपीय देशों ने पुतिन पर पीछे हटने का आरोप लगाया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि रूस को अब आगे बढ़कर युद्ध खत्म करने की दिशा में कदम उठाना चाहिए। उन्होंने इस युद्ध को "भयावह और बेकार" बताया।
रूस पर युद्ध विराम का दबाव डाल रहा अमेरिका
रूस ने शुक्रवार को जानकारी दी कि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ ने सेंट पीटर्सबर्ग में राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की। विटकॉफ क्रेमलिन पर युद्धविराम स्वीकार करने का दबाव बना रहे हैं। इससे पहले, उन्होंने रूस के दूत किरिल दिमित्रिव से भी बातचीत की थी। रूस की समाचार एजेंसी ‘रिया नोवोस्ती’ ने बताया कि पुतिन और विटकॉफ के बीच बैठक साढ़े चार घंटे तक चली, जिसमें दोनों ने युद्ध समाप्त करने के "विभिन्न पहलुओं" पर चर्चा की। इस बीच, ब्रसेल्स में यूक्रेन के पश्चिमी समर्थकों की एक बैठक के बाद, ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन हीली ने कहा कि 21 अरब यूरो की नई सैन्य सहायता यूक्रेन को दी जाएगी। उन्होंने इसे यूक्रेन को दी जा रही सैन्य सहायता में एक अभूतपूर्व वृद्धि बताया।