

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के तहत वोटर वेरिफिकेशन और हियरिंग का काम अधिकांश जिलों में लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन उत्तर कोलकाता समेत चार जिले अब भी पीछे चल रहे हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) मनोज अग्रवाल के मुताबिक इन इलाकों में बड़ी संख्या में लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी (एलडी) वोटर पाए जाने के कारण प्रक्रिया धीमी हुई है। इसके बावजूद चुनाव आयोग को उम्मीद है कि तय समयसीमा 7 फरवरी तक राज्यभर में वेरिफिकेशन और हियरिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा।
चार जिले वेरिफिकेशन में पिछड़े
सीईओ मनोज अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि उत्तर 24 परगना , दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद और उत्तर कोलकाता इन चार जिलों में वेरिफिकेशन और हियरिंग की गति अपेक्षाकृत धीमी रही है, जबकि राज्य के अन्य सभी जिलों में काम सामान्य रफ्तार से आगे बढ़ा और लगभग पूरा होने के कगार पर है।
हजारों एलडी वोटरों के कारण बढ़ी चुनौती
मनोज अग्रवाल के अनुसार, कई बूथों पर हजारों की संख्या में लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी (एलडी) वोटर पाए गए हैं। इसी वजह से इन जिलों में हियरिंग और दस्तावेज़ जांच की प्रक्रिया में ज्यादा समय लग रहा है।
7 फरवरी तक पूरा होगा वेरिफिकेशन का काम
चुनाव आयोग ने पूरे राज्य में 7 फरवरी तक वेरिफिकेशन पूरा करने का डेडलाइन तय किया है। सीईओ ने भरोसा जताया कि “सात फरवरी से पहले पूरे राज्य में हियरिंग का काम पूरा हो जाएगा।”
हियरिंग के बाद शुरू होगा डिस्पोजल और अपलोडिंग
हियरिंग पूरी होने के बाद डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने और मामलों के डिस्पोजल का काम शुरू किया जाएगा। सीईओ ने स्पष्ट किया कि जिन वोटरों को हियरिंग में बुलाया गया था और जिन्होंने आयोग द्वारा तय किए गए दस्तावेजों में से एक भी दस्तावेज जमा नहीं किया, उनका नाम स्वाभाविक रूप से डिस्पोजल की प्रक्रिया में जाएगा।
लाखों वोटरों ने जमा नहीं किए दस्तावेज: सूत्र
सीईओ कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक, बंगाल के कई लाख वोटरों ने हियरिंग के दौरा कोई भी जरूरी दस्तावेज जमा नहीं किया है। ऐसे वोटरों की सूची लगभग तैयार कर ली गई है और इस पर अंतिम निर्णय लेना चुनाव आयोग का काम है।
19 ऑब्जर्वरों संग आयोग की अहम बैठक
मनोज अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को चुनाव आयुक्त ने राज्य के सभी 19 ऑब्जर्वरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक की। स दौरान SIR प्रक्रिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
फॉर्म-6, 7 और 8 को लेकर बड़ा अपडेट
सीईओ के मुताबिक, 17 दिसंबर से अब तक लगभग 7.5 लाख लोगों ने फॉर्म-6 भरकर नए मतदाता बनने के लिए आवेदन किया है।
31 हजार से अधिक लोगों ने फॉर्म-7 भरा है और लगभग 3.5 लाख लोगों ने फॉर्म-8 भरा है। मालूम हो फॉर्म-7, नाम हटाने के लिए और फॉर्म-8, जानकारी सुधारने/अपडेट करने के लिए है।
7 फरवरी तक तय हो जाएंगे सभी बूथ
मनोज अग्रवाल ने बताया कि “7 फरवरी तक राज्य के लगभग सभी बूथ भी तय कर दिए जाएंगे।”