चुनाव से पहले पोलिंग स्टाफ के लिए सख्त गाइडलाइंस जारी

निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान हेतु पोलिंग अधिकारियों को निर्देश
चुनाव से पहले पोलिंग स्टाफ के लिए सख्त गाइडलाइंस जारी
Published on

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य के चीफ इलेक्शन ऑफिसर के कार्यालय ने आगामी चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए प्रिसाइडिंग, पोलिंग और सेक्टर ऑफिसर्स के लिए विस्तृत गाइडलाइंस जारी की हैं। इन निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

बिना भेदभाव काम करने का सख्त निर्देश

गाइडलाइंस में साफ तौर पर कहा गया है कि पोलिंग स्टाफ पूरी तरह निष्पक्ष रहेगा। किसी भी राजनीतिक प्रभाव, दबाव या सहायता से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, किसी भी प्रकार का उपहार या लाभ लेना पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था में सेंट्रल फोर्स के साथ समन्वय

पोलिंग स्टेशनों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सेंट्रल फोर्स के साथ बेहतर तालमेल रखने पर जोर दिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी सुरक्षा चूक की गुंजाइश न रहे।

मॉक पोल और EVM-VVPAT की अनिवार्य जांच

मतदान शुरू होने से पहले मॉक पोल कराना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही EVM और VVPAT मशीनों की पूरी जांच कर वोटिंग प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

गड़बड़ी की तत्काल रिपोर्टिंग जरूरी

वोटिंग के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या समस्या सामने आने पर तुरंत रिपोर्ट करने को कहा गया है। इसके लिए ECInet ऐप का इस्तेमाल करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मोबाइल फोन पर सख्ती, वोटर्स की प्राइवेसी पर जोर

पोलिंग स्टेशनों पर मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर सख्त रोक लगाई गई है। साथ ही, वोटर्स की गोपनीयता बनाए रखने के लिए कैमरों के उपयोग, बूथ की लोकेशन और एक्सेस कंट्रोल को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

सेक्टर ऑफिसर्स की बढ़ाई गई जिम्मेदारियां

सेक्टर ऑफिसर्स को पोलिंग स्टेशन की तैयारी, सुरक्षा, वेबकास्टिंग, बिजली और संचार व्यवस्था की जांच की जिम्मेदारी दी गई है। मतदान के दिन नियमित निरीक्षण और रिपोर्टिंग भी अनिवार्य की गई है।

एब्सेंटी वोटर्स के लिए पोस्टल बैलेट व्यवस्था

जो मतदाता मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच सकते, उनके लिए पोस्टल बैलेट के जरिए वोटिंग की व्यवस्था की गई है। इस प्रक्रिया में पहचान सत्यापन, गोपनीयता और सुरक्षा के विशेष निर्देश दिए गए हैं।

लापरवाही पर शून्य सहनशीलता का संदेश

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, इन गाइडलाइंस का स्पष्ट संदेश है कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फ्री और फेयर चुनाव सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in