केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल बजट 2026-27 को उद्योग, रियल एस्टेट, शिक्षा और व्यापार जगत से अधिकांशतः सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। निवेश, औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचा, कौशल विकास और रोजगार सृजन पर सरकार के फोकस का स्वागत करते हुए उद्योग प्रतिनिधियों ने इसे राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाला बजट बताया, हालांकि कुछ ने उद्योगों के लिए और स्पष्ट रोडमैप की जरूरत भी जताई।
बजट से बढ़ेगा निवेशकों का भरोसा : सिद्धार्थ पंसारी
कोलकाता : प्रिमार्क ग्रुप के निदेशक सिद्धार्थ पंसारी ने कहा कि नई सरकार का बजट निवेश, औद्योगीकरण, रोजगार और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने वाला है। भूमि सुधार, सिंगल विंडो सिस्टम और सिंडिकेट संस्कृति पर नियंत्रण से रियल एस्टेट तथा आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
बजट में नई सोच की कमी, उद्योगों को अभी इंतजार : खंडेलवाल
कोलकाता : धनवंतरी समूह के राजेंद्र खंडेलवाल ने कहा कि नई सरकार के बजट से उद्योग और लघु उद्योग क्षेत्र को बड़े रोडमैप की उम्मीद थी, लेकिन फिलहाल निराशा हाथ लगी। हालांकि नए मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, स्किल डेवलपमेंट केंद्र और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उन्होंने स्वागत किया।
---
विकास का समग्र विजन दिखाता है बजट : हर्षवर्धन नेवटिया
कोलकाता : अंबुजा नियोटिया ग्रुप के चेयरमैन हर्षवर्धन नेवटिया ने कहा कि राज्य का बजट विकास को एक समग्र इकोसिस्टम के रूप में देखता है। क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन पर जोर पश्चिम बंगाल में निवेश आकर्षित करने और व्यापक आर्थिक विकास को नई गति दे सकता है।
--
नई औद्योगिक नीति से निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा : ऋषभ कोठारी
कोलकाता : CKC फ्रेगरेंस प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ ऋषभ सी. कोठारी ने कहा कि नई औद्योगिक नीति, बुनियादी ढांचा, कनेक्टिविटी और कौशल विकास पर केंद्रित बजट राज्य के निवेश इकोसिस्टम को मजबूत करेगा तथा नए उद्योगों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देगा।
--
बजट से स्थानीय विनिर्माण और निवेश को मिलेगा बढ़ावा : नमित बजोरिया
कोलकाता : कुचिना होम मेकर्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर नमित बजोरिया ने कहा कि औद्योगिक विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और कारोबार सुगमता पर केंद्रित बजट स्थानीय विनिर्माण, निवेश और रोजगार को बढ़ावा देगा तथा कोलकाता को किचन और होम सॉल्यूशंस उद्योग का प्रमुख हब बना सकता है।
--
बजट से निवेश, रोजगार और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र को मिलेगी नई गति : सागर दरयानी
कोलकाता : Wow! Momo के संस्थापक एवं सीईओ तथा NRAI के अध्यक्ष सागर दरयानी ने कहा कि नई सरकार का बजट रोजगार, उद्योग, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और एआई पर केंद्रित है। सही क्रियान्वयन से रेस्टोरेंट, हॉस्पिटैलिटी, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा बंगाल देश की प्रमुख विकास गाथाओं में शामिल हो सकता है।
---
निवेश प्रोत्साहन फ्रेमवर्क से उद्योगों को मिलेगा नया बल : FICCI
कोलकाता : FICCI ने पश्चिम बंगाल बजट 2026-27 में औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन और रोजगार सृजन पर दिए गए जोर का स्वागत किया है। FICCI पश्चिम बंगाल राज्य परिषद के चेयरमैन प्रशांत बांगुर ने कहा कि ₹5,000 करोड़ के ‘पश्चिम बंगाल निवेश प्रोत्साहन फ्रेमवर्क’ से MSME, बड़े उद्योगों और उभरते क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने को मजबूत गति मिलेगी।
---
इन्फ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी से रियल एस्टेट को मिलेगी रफ्तार : सुशील मोहता
कोलकाता : मर्लिन ग्रुप के चेयरमैन और CREDAI पश्चिम बंगाल के अध्यक्ष सुशील मोहता ने कहा कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक विकास और कारोबार सुगमता पर जोर स्वागतयोग्य है। न्यू टाउन कॉरिडोर, लॉजिस्टिक्स परियोजनाएं और प्रस्तावित दूसरे एयरपोर्ट जैसी पहलें रियल एस्टेट, शहरीकरण और निवेश को नई गति देंगी।
----
शिक्षा और कौशल विकास पर जोर स्वागतयोग्य : तरनजीत सिंह
कोलकाता : JIS ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर सरदार तरनजीत सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल बजट 2026 में शिक्षा, स्कूल इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल क्लासरूम और स्किल डेवलपमेंट पर बढ़ा निवेश स्वागतयोग्य है। इससे छात्रों की सीखने की क्षमता, रोजगार योग्यता और भविष्य के लिए तैयार शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कॉन्फेडरेशन ऑफ वेस्ट बंगाल ट्रेड एसोसिएशंस (CWBTA) ने पश्चिम बंगाल सरकार के बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे दूरदर्शी, संतुलित और विकासोन्मुखी बताया है। CWBTA के अध्यक्ष श्री सुशील पोद्दार ने कहा कि बजट में MSME, व्यापारियों और निवेश को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रावधान राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगे। उन्होंने विशेष रूप से ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नई पहचान मिलेगी। श्री पोद्दार ने ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’, बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और डिजिटलीकरण पर सरकार के फोकस को भी व्यापार के लिए लाभकारी बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि बजट की घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन पश्चिम बंगाल को देश के प्रमुख व्यापारिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विकास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के बीच संतुलन का बजट : सुशील चौधरी, अध्यक्ष - अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, पश्चिम बंगाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल का बजट 2026-27 विकास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के बीच संतुलन स्थापित करने का सकारात्मक प्रयास है। आधारभूत संरचना, परिवहन, हवाई अड्डों, शहरी विकास तथा औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने वाली घोषणाएँ राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति दे सकती हैं। साथ ही किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाओं पर निरंतर ध्यान सामाजिक समावेशन को मजबूत करेगा। अब सबसे महत्वपूर्ण चुनौती इन घोषणाओं का समयबद्ध और पारदर्शी क्रियान्वयन है। यदि सरकार निवेश-अनुकूल वातावरण, प्रशासनिक दक्षता और रोजगार सृजन पर समान रूप से ध्यान दे, तो यह बजट पश्चिम बंगाल को तेज विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।