स्वास्थ्य विभाग में 32 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में हुआ फेरबदल

कई अहम परियोजनाओं की नयी जिम्मेदारी तय

स्वास्थ्य विभाग में 32 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में हुआ फेरबदल
Published on

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में 32 वरिष्ठ अधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का व्यापक पुनर्गठन किया गया है। स्वास्थ्य भवन की ओर से जारी आदेश में मेडिकल शिक्षा, अस्पताल प्रबंधन, आयुष्मान भारत, स्वास्थ्य साथी, आईटी सेवाओं और सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियां नए सिरे से बांटी गई हैं। 13 मई 2026 से लागू इस आदेश के साथ पूर्व के सभी आदेश निरस्त कर दिए गए हैं। राज्य सरकार इसे स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और तेज बनाने की दिशा में बड़ा प्रशासनिक कदम मान रही है।

शुभांजन दास को बड़ी परियोजनाओं की जिम्मेदारी

आदेश के अनुसार सचिव शुभांजन दास, आईएएस को ड्रग्स एवं इक्विपमेंट, आयुष्मान भारत-पीएमजेएवाई, स्वास्थ्य साथी और मेडिकल कॉलेजों के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा नए मेडिकल कॉलेज निर्माण, पीएमएसएसवाई प्रोजेक्ट, टर्शियरी कैंसर सेंटर, आईटी सेवाएं, पीपीपी प्रोजेक्ट, क्लीनिकल एस्टैब्लिशमेंट और फार्मेसी काउंसिल से जुड़े मामलों की निगरानी भी वही करेंगे। कल्याणी में प्रस्तावित नए एम्स से जुड़े मामलों का दायित्व भी उन्हें दिया गया है। उन्हें डीटीसी का चेयरमैन भी बनाया गया है।

शरद द्विवेदी संभालेंगे एनएचएम और आयुष

सचिव शरद कुमार द्विवेदी, आईएएस को आयुष, कॉल सेंटर और इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही उन्हें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन डायरेक्टर, फैमिली वेलफेयर कमिश्नर और पश्चिम बंगाल स्टेट हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर समिति के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर का दायित्व सौंपा गया है।

मौमिता बसु देखेंगी अस्पताल सेवाएं

सचिव मौमिता गोदारा बसु, आईएएस को मेडिकल कॉलेज अस्पतालों, जिला अस्पतालों, सुपर स्पेशलिटी और सब-डिविजनल अस्पतालों की सेवा व्यवस्था और सुधार की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही डेंगू, मलेरिया समेत सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों और विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की निगरानी भी वही करेंगी।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in