राज्य सरकार ने 20 % बोनस का किया ऐलान

चाय बागान श्रमिकों के लिए खुशखबरी
राज्य सरकार ने 20 % बोनस का किया ऐलान चाय बागान मज़दूर के लिए
राज्य सरकार ने 20 % बोनस का किया ऐलान चाय बागान मज़दूर के लिए
Published on: 

कोलकाता : राज्य सरकार ने चाय बागान श्रमिकों के लिए बड़ा ऐलान किया है। नवान्न से शुक्रवार को जारी एडवाइजरी में कहा गया कि दार्जिलिंग, कर्सियांग, कलिम्पोंग, तराई और डुआर्स क्षेत्र के सभी चाय बागानों में श्रमिकों को इस वर्ष 20 प्रतिशत बोनस दिया जाएगा। उत्तर बंगाल क्षेत्र के अतिरिक्त श्रम आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक, जिन कर्मचारियों का वेतन अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार निर्धारित सीमा से ऊपर है और वे बोनस पाने के पात्र नहीं हैं, उनके लिए पिछली बार की तरह ही सीलिंग लिमिट लागू रहेगी।

एडवाइजरी में प्रबंधन और श्रमिक यूनियनों के प्रतिनिधियों से कहा गया है कि बोनस वितरण के दौरान औद्योगिक शांति, सौहार्द और अनुशासन बनाए रखा जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि बोनस का भुगतान 15 सितंबर तक कर दिया जाना चाहिए। श्रमायुक्तालय ने यह भी कहा है कि इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी ताकि सभी श्रमिकों को समय पर बोनस मिल सके। सरकार के इस फैसले से उत्तर बंगाल के हजारों चाय बागान श्रमिकों और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

उल्लेखनीय है कि चाय बागान के श्रमिकों को 20 प्रतिशत पूजा बोनस देने की मांग पहाड़ की सभी राजनीतिक पार्टियों ने की थी। उनका कहना था कि 20 प्रतिशत से कम बोनस किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस मुद्दे पर चाय बागान मालिकों पर दबाव बनाने की भी मांग की गई थी। चाय श्रमिकों के हित में अनित थापा की भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा, गोरखा जनमुक्ति मोर्चा, जीएनएलएफ, इंडियन गोरखा जनशक्ति फ्रंट, सीपीएम की श्रमिक संगठन सीटू सहित सत्तारूढ़ और विपक्ष, सभी राजनीतिक दल एकजुट हुए थे। इस बार सरकार ने निर्धारित समय से पहले ही बोनस दर बढ़ाकर चाय श्रमिकों के प्रति सहानुभूति और संवेदनशीलता का परिचय दिया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in