

नई दिल्ली - लोकसभा में विपक्षी दलों के विरोध के बावजूद वक्फ संशोधन विधेयक पारित हो गया। आज इसे राज्यसभा में भी मंजूरी मिलने की संभावना है। विधेयक के समर्थन में 288 वोट डाले गए, जबकि 232 सांसदों ने इसके खिलाफ मतदान किया। इसी बीच, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस मुद्दे पर अपना बयान दिया है।
क्या कहा सोनिया गांधी ने ?
सीपीपी की आम सभा की बैठक में कांग्रेस की अध्यक्ष और कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने कहा कि,"कल, वक्फ संशोधन विधेयक, 2024 लोकसभा में पारित किया गया था, और आज इसे राज्यसभा में पेश किया जाना है। विधेयक को प्रभावी रूप से जबरन पारित किया गया। हमारी पार्टी की स्थिति स्पष्ट है। यह विधेयक संविधान पर एक बेशर्म हमला है। वक्फ संशोधन बिल सिर्फ साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण के लिए है। यह बीजेपी की जानबूझकर बनाई गई रणनीति का हिस्सा है।"
वन नेशन वन इलेक्शन पर भी दिया बयान
सोनिया गांधी ने वन नेशन वन इलेक्शन विधेयक पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे संविधान का एक और उल्लंघन बताते हुए कहा कि उनकी पार्टी इस कानून का कड़ा विरोध करेगी। साथ ही, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दो साल पहले संसद में पारित महिला आरक्षण विधेयक को अब तक लागू नहीं किया गया है। उन्होंने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और ओबीसी समुदाय की महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण की मांग को जानबूझकर अनदेखा किए जाने का भी आरोप लगाया।