

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बरानगर : केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने सोमवार को बरानगर के बनहुगली स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर लोकोमोटर डिसेबिलिटीज (NILD) का आधिकारिक दौरा किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने पूरे केंद्र निरीक्षण किया और वहां भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें संस्थान की प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान में कई नई परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया और परिसर में घूमने के लिए बैटरी चालित गाड़ी का उपयोग कर अपना अनुभव साझा किया। केंद्रीय मंत्री ने देश में ईंधन की स्थिति पर खुलकर बात की।
विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन कर मरीजों से की बात
उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतें केवल पश्चिम बंगाल की समस्या नहीं हैं, बल्कि यह एक वैश्विक संकट है। इसके बावजूद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के कारण देश में कहीं भी ईंधन की कमी महसूस नहीं होने दी गई। बीच में एक-दो दिनों के लिए कुछ स्थानीय समस्याएं जरूर आई थीं, जिस पर कुछ लोगों ने डर का माहौल बनाने की कोशिश की, लेकिन आज पूरे देश में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कहीं कोई संकट नहीं है। केंद्रीय मंत्री ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी से ईंधन का सीमित और जरूरत के मुताबिक ही उपयोग करने का आग्रह किया है, ताकि भविष्य में देश को किसी बड़े संकट का सामना न करना पड़े। मंत्री जी ने बताया कि प्रधानमंत्री की इस अनूठी पहल का पूरे देश में बेहद सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।