यूक्रेन का रूस पर सबसे बड़ा ड्रोन हमला, मॉस्को ने गिराए 660 ड्रोन

मॉस्को समेत 12 रूसी क्षेत्रों को बनाया निशाना, जेलेंस्की के ‘40 दिनों के अभियान’ के बाद बढ़े हमले
यूक्रेन का रूस पर सबसे बड़ा ड्रोन हमला, मॉस्को ने गिराए 660 ड्रोन
SOCIAL MEDIA
Published on: 

कीव/मॉस्को: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में अब तक के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक सामने आया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रातभर में यूक्रेन के 660 ड्रोन को नष्ट कर दिया। यह हमला रूस के 12 क्षेत्रों के अलावा कब्जे वाले क्रीमिया और आसपास के इलाकों में किया गया।

रूस के मुताबिक, यह हमला फरवरी 2022 में शुरू हुए युद्ध के बाद यूक्रेन की ओर से किए गए सबसे बड़े ड्रोन हमलों में शामिल है। इससे पहले यूक्रेन ने 17 मई को 556 ड्रोन दागे थे।

यह हमला यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के उस बयान के कुछ घंटों बाद हुआ, जिसमें उन्होंने ‘40 दिनों के अभियान’ शुरू करने की बात कही थी। माना जा रहा है कि इसका संकेत रूस पर हमलों की तीव्रता बढ़ाने की रणनीति से जुड़ा है।

रूस के दक्षिण में स्थित तुला क्षेत्र में हमले के दौरान एक निजी मकान को नुकसान पहुंचा और एक महिला घायल हो गई। क्षेत्रीय अधिकारियों के अनुसार, बिजली लाइनें भी प्रभावित हुईं और नोवोमोस्कोव्स्क इलाके में एक औद्योगिक इकाई को नुकसान पहुंचा।

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि राजधानी की ओर बढ़ रहे 47 ड्रोन को मार गिराया गया। हालांकि, उन्होंने किसी बड़े नुकसान या हताहत की जानकारी नहीं दी।

दूसरी ओर, यूक्रेन ने भी रूस पर जवाबी कार्रवाई का दावा किया है। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, रूस के हमलों में खारकीव क्षेत्र में दो लोगों की मौत हुई और सात घायल हुए। यूक्रेनी वायु सेना ने कहा कि उसने रातभर में रूस के 189 में से 174 ड्रोन को निष्क्रिय कर दिया।

लगातार बढ़ते ड्रोन हमले इस बात का संकेत हैं कि रूस-यूक्रेन युद्ध अब जमीन के साथ-साथ हवाई मोर्चे पर भी और तेज होता जा रहा है। दोनों देशों के बीच सैन्य दबाव बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में हमलों की तीव्रता और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in