रूस में धमाकों के कारण ट्रेनों पर गिर गए दो पुल, 7 लोगों की मौत

मरने वालों में ट्रेन का चालक भी शामिल
रूस में धमाकों के कारण ट्रेनों पर गिर गए दो पुल, 7 लोगों की मौत
Published on: 

मॉस्को : पश्चिमी रूस में धमाकों में दो पुल ट्रेनों पर ढह गए, जिससे दोनों ट्रेन पटरी से उतर गईं, जिनमें से एक हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी, पर यह नहीं बताया कि विस्फोट का कारण क्या था।

सरकारी रूसी रेलवे ने बताया पहली घटना यूक्रेन की सीमा से सटे ब्रयान्स्क क्षेत्र में शनिवार को हुई, जहां विस्फोट के बाद एक पुल ढहकर ट्रेन के ऊपर गिर गया। इस घटना में कई लोग हताहत हो गए। मरने वालों में ट्रेन का चालक भी शामिल है। कुछ घंटों बाद पास के कुर्स्क क्षेत्र में पुल के ढह जाने से एक दूसरी ट्रेन भी पटरी से उतर गई। यह हादसा भी यूक्रेन से सटे इलाके में हुआ।

स्थानीय कार्यवाहक गवर्नर अलेक्जेंडर खिनशटेन ने बताया कि इस दुर्घटना में एक मालगाड़ी पटरी से उतरकर नीचे सड़क पर आ गिरी। विस्फोट के कारण पुल ढह गया था। दुर्घटना के कारण आग लग गई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।

रूसी जांच समिति ने बताया कि दोनों पुल विस्फोटों से ढहे हैं। हालांकि कुछ घंटे बाद समिति ने अपने बयान से ‘विस्फोट’ शब्द हटा दिया और कोई कारण नहीं बताया। समिति ने इन घटनाओं को संभावित आतंकी गतिविधि मानते हुए जांच शुरू की है। ब्रयान्स्क के गवर्नर अलेक्जेंडर बोगोमाज ने सोमवार से तीन दिन के शोक की घोषणा की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News