

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : आईसीएसई की 10वीं परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही पश्चिम बंगाल के छात्रों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर हिन्दी विषय का गौरव बढ़ाया है। इसी कड़ी में हिन्दमोटर स्थित पर्ल रोजरी स्कूल के जुड़वा भाई-बहन आर्यन राज और आयशा ने अपने उत्कृष्ट अंकों से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे स्कूल का नाम रोशन किया है। आर्यन राज ने हिन्दी में 94 अंक प्राप्त किए, जबकि उनकी बहन आयशा ने 97 अंक हासिल कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की। दोनों भाई-बहन बचपन से ही हिन्दी विषय के प्रति विशेष रुचि रखते हैं और इसी लगन का परिणाम उनके शानदार अंकों के रूप में सामने आया है। उनकी इस उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल है और शिक्षकों ने भी उनकी मेहनत और अनुशासन की सराहना की है। सफलता के पीछे उनके कठिन परिश्रम और नियमित अध्ययन का बड़ा योगदान रहा है।
आर्यन और आयशा ने बताया कि वे प्रतिदिन 8 से 10 घंटे तक सेल्फ-स्टडी करते थे और किसी भी विषय को गहराई से समझने पर विशेष ध्यान देते थे। उनका मानना है कि नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। दोनों अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और बड़े भाई आदित्य को देते हैं, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया। उनके पिता प्रवीण कुमार साव और माता आरती साव अपने बच्चों की इस सफलता से बेहद खुश हैं और उन्होंने इसे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। आर्यन और आयशा की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के छात्रों के लिए प्रेरणादायक है। उनकी मेहनत और समर्पण यह साबित करता है कि सही दिशा में किया गया प्रयास हमेशा सफलता दिलाता है।