

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की
मदुरै : तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर विवादित दीपथून (पत्थर के स्तंभ) पर कार्तिगई दीपम प्रज्ज्वलित करने को लेकर मंगलवार को तनाव की स्थिति बनी रही। सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम निर्देश के अनुपालन की मांग कर रहे हिंदू संगठन ‘हिंदू मुन्नानी’ के कई नेताओं और सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। संगठन के सदस्य अग्नि कलश और ‘वेल’ (भाला) लेकर मदुरै जाने की कोशिश कर रहे थे।
दीपथून पर दीप जलाने की मांग, कई स्थानों पर हिरासत
पुलिस के अनुसार, हिंदू मुन्नानी के सदस्यों को कराईकुडी और अन्य इलाकों में उस समय हिरासत में लिया गया, जब वे तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलित करने के लिए जाने का प्रयास कर रहे थे। तिरुपुर में संगठन की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष कादेश्वर सुब्रमण्यम के सामने बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती से कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। वहीं, तिरुनेलवेली में पुलिस ने संगठन के तीन पदाधिकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
मदुरै के जिलाधिकारी निशांत कृष्णा ने मंगलवार को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ मौजूदा स्थिति पर विचार-विमर्श भी किया।
पहाड़ी पर 5,600 पुलिसकर्मी तैनात
दीपम विवाद के मद्देनजर मदुरै जिला प्रशासन ने तिरुप्परनकुंद्रम में निषेधाज्ञा लागू की है। यह 23 नवंबर की रात नौ बजे से 25 नवंबर को सुबह 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत सार्वजनिक सभाओं, रैलियों और बिना अनुमति पहाड़ी पर चढ़ने पर रोक लगाई गई है। हालांकि, पारंपरिक पूजा-अर्चना, मंदिर के नियमित धार्मिक अनुष्ठानों, दरगाह में नियमानुसार प्रवेश और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के क्रियान्वयन से जुड़ी गतिविधियों को छूट दी गई है। पहाड़ी, मंदिर की सीढ़ियों, परिक्रमा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में 5,618 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें दक्षिणी जिलों के 12 पुलिस अधीक्षक, आठ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 132 पुलिस निरीक्षक शामिल हैं। पुलिस ने दीपथून की घेराबंदी कर वहां सुरक्षा बल तैनात किए हैं। इसके अलावा 70 से अधिक नए सीसीटीवी और चेहरा पहचानने की तकनीक से लैस कैमरे लगाए गए हैं। 23 और 24 नवंबर को पहाड़ी तथा आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन और मानवरहित हवाई यानों के संचालन पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने एक बार दीप जलाने की दी थी अनुमति
सुप्रीम कोर्टने 20 नवंबर को दिए अंतरिम आदेश में 24 नवंबर को सिकंदर बादशाह दरगाह के पास पहाड़ी की चोटी पर स्थित विवादित दीपथून पर एक बार कार्तिगई दीपम प्रज्ज्वलित करने की अनुमति दी थी। अदालत ने स्पष्ट किया था कि दीप केवल अधिकृत दल द्वारा प्रज्ज्वलित किया जाएगा। साथ ही, इस अंतरिम व्यवस्था से स्तंभ पर दीप जलाने का कोई स्थायी परंपरागत अधिकार स्थापित नहीं होगा और न ही भूमि के स्वामित्व संबंधी दावों पर कोई प्रभाव पड़ेगा। अदालत ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहाड़ी की चोटी पर आम लोगों के प्रवेश, जुलूसों और सभाओं पर भी रोक लगाई थी।
तमिलिसाई सौंदरराजन ने प्रशासन पर उठाए सवाल
पूर्व राज्यपाल और भाजपा नेता डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) के प्रमुख थोल तिरुमावलवन और अन्य लोगों को दीप प्रज्ज्वलित करने के विरोध में प्रदर्शन की अनुमति कैसे दी गई, जबकि हिंदू नेताओं और भाजपा पदाधिकारियों को हिरासत में लिया जा रहा है। ‘एक्स’ पर उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन धार्मिक मामलों में दोहरा रवैया अपना रहा है। उन्होंने कहा कि जब हिंदू नेता शांतिपूर्ण तरीके से पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलित करने की मांग करते हैं, तो उन्हें नजरबंद कर दिया जाता है। उन्होंने इसे राजनीतिक दोहरे मानदंड और चुनिंदा तुष्टीकरण करार दिया।