

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगीय टीचर्स एंड एजुकेशन वर्कर्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने विकास भवन में स्कूल एजुकेशन मिनिस्टर दीपक बर्मन से मुलाकात कर उन्हें 42 सूत्री मांगों का एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा है। संगठन के जनरल सेक्रेटरी स्वपन मंडल के नेतृत्व में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET से जुड़ी गंभीर समस्याओं के समाधान, शिक्षकों तथा शिक्षाकर्मियों की ट्रांसफर पॉलिसी में पारदर्शिता लाने, और योग्य कर्मियों को सेवा में सुरक्षित बनाए रखने जैसे कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने पिछली सरकारों के कार्यकाल के दौरान हुए भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की पुरजोर मांग भी उठाई है।
ट्रांसफर प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की उठी मांग
बैठक के दौरान संगठन की ओर से मुख्य रूप से शिक्षकों और शिक्षाकर्मियों को सरकारी कर्मचारी के रूप में मान्यता देने की मांग रखी गई। इसके साथ ही, भर्ती प्रक्रिया की तमाम जटिलताओं को दूर करने और शिक्षकों की व्यक्तिगत व पेशेवर समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया गया। संगठन ने यह भी मांग की है कि ट्रांसफर प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए ताकि किसी को असुविधा न हो। स्वपन मंडल ने बताया कि इन लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए मंत्री को ज्ञापन सौंपा गया है, और उन्हें पूरी उम्मीद है कि राज्य सरकार इस दिशा में सकारात्मक और त्वरित कार्रवाई करते हुए इन सभी मांगों का उचित और संतोषजनक समाधान जल्द ही निकालेगी।