फिल्म ‘धुरंधर’ ने मुझे पहचान दिलाई: बिमल ओबेरॉय

तीन दशकों के संघर्ष के बाद मिली सफलता, छोटे लेकिन प्रभावशाली किरदार से सुर्खियों में आए अभिनेता
फिल्म ‘धुरंधर’ ने मुझे पहचान दिलाई: बिमल ओबेरॉय
Published on

मुंबई : तीन दशकों तक संघर्ष और लगातार मेहनत के बाद अभिनेता-निर्माता-लेखक Bimal Oberoi को फिल्म Dhurandhar से वह पहचान मिली है, जिसका हर कलाकार इंतजार करता है। फिल्म में बलोच नेता शिरानी के प्रभावशाली किरदार ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया है।

दिल्ली में जन्मे 54 वर्षीय ओबेरॉय ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि ‘धुरंधर’ ने उन्हें और अन्य कलाकारों को वह पहचान दिलाई है, जिसके लिए लोग बॉलीवुड में आते हैं। Aditya Dhar की जासूसी थ्रिलर ‘धुरंधर’ दो भागों में बनी है। दिसंबर 2025 में रिलीज हुए पहले भाग के बाद 19 मार्च को दूसरा भाग सिनेमाघरों में आया और वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की।

ओबेरॉय इससे पहले Tiger 3 और Mukhbir: The Story of a Spy जैसी परियोजनाओं में सहायक भूमिकाओं में नजर आ चुके हैं। उन्होंने फिल्म में अपने किरदार को बेहतरीन तरीके से लिखने और प्रस्तुत करने का श्रेय निर्देशक आदित्य धर को दिया।

अभिनेता ने बताया कि फिल्म में उनके हिस्से सात-आठ दृश्य आए, जिनमें सबसे लंबा संवाद Ranveer Singh के साथ था, जबकि बाकी छोटे संवाद थे, लेकिन हर किरदार को अपनी छाप छोड़ने का अवसर मिला।

ओबेरॉय ने मनोरंजन जगत में कदम Daler Mehndi के लोकप्रिय गीत Ho Jayegi Balle Balle के म्यूजिक वीडियो से रखा। उन्होंने बताया कि दलेर मेहंदी ने शुरुआती दौर में उनकी आर्थिक मदद की थी और आज भी दोनों के बीच संपर्क बना हुआ है।

1996 में मुंबई आने के बाद ओबेरॉय ने अभिनय कार्यशालाओं और रंगमंच से शुरुआत की तथा ‘दरार’ धारावाहिक में काम किया। बाद में उन्होंने लेखन, निर्माण, विज्ञापन फिल्मों और संगीत वीडियो में भी हाथ आजमाया। उन्होंने Tum Bin और Singh Is Kinng जैसी फिल्मों में कार्यकारी निर्माता के रूप में काम किया।

करीब 17-18 साल अभिनय से दूर रहने के बाद उन्होंने 2018 में Panipat से वापसी की। ‘धुरंधर’ में उनके अभिनय से प्रभावित होकर निर्देशक Prashanth Neel ने उन्हें Jr. NTR के साथ फिल्म ‘ड्रैगन’ में लिया है, वहीं वह David Dhawan की एक फिल्म में भी काम कर रहे हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in