युवक के शव के किये टुकड़े, तीन नहरों से बरामद हुए देहांश

हत्या के आरोप में बीएलओ सहित 2 गिरफ्तार, दस्तावेज दिखाने के बहाने बुलाया, फिर उतारा मौत के घाट
The body of a young man was cut into pieces and his remains were recovered from three canals.
नहर से प्लास्टिक बैग में फेंका देहांश बरामद करते पुलिस कर्मी
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : बशीरहाट के बादुड़िया थाना अंतर्गत चातरा इलाके में एक युवक की नृशंस हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर तीन अलग-अलग नहरों में फेंक दिये गये। मृतक की पहचान पपिला निवासी नसीर अली के रूप में हुई है, जो इलाके में सक्रिय तृणमूल कार्यकर्ता बताया जा रहा है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने स्थानीय बीएलओ रिजवान हसन मंडल और उसके एक सहयोगी सागर गाइन को गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नसीर अली बीते पांच दिनों से लापता था। परिजनों का आरोप है कि स्थानीय बीएलओ रिजवान ने नसीर को SIR संबंधी दस्तावेजों में त्रुटि सुधारने के नाम पर लालकुठी इलाके में बुलाया था। नसीर अपनी बाइक लेकर घर से निकला, लेकिन फिर नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया।

त्रिकोणीय प्रेम संबंध बना हत्या का कारण!

जांच के दौरान पुलिस को चातरा इलाके में यमुना नदी से नसीर की मोटरसाइकिल बरामद हुई। बाइक मिलते ही इलाके में भारी तनाव फैल गया और उत्तेजित ग्रामीणों ने विरोध में सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल रिकॉर्ड के आधार पर बीएलओ रिजवान की तलाश शुरू की, जो घटना के बाद से ही फरार था। हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार को पुलिस ने मुख्य अभियुकत रिजवान को स्वरूपनगर के तेतुलिया और उसके साथी सागर को रामपुरहाट से दबोच लिया। पुलिसिया पूछताछ में जो तथ्य सामने आये, उसने जांच अधिकारियों के भी होश उड़ा दिये। प्राथमिक अनुमान है कि आरोपित बीएलओ की पत्नी के साथ नसीर के कथित अवैध संबंधों के चलते इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया।

अभियुकतों की निशानदेही पर बरामद हुआ देहांश

अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि हत्या के बाद शव को टुकड़ों में काटकर प्लास्टिक की थैलियों में भरा और अलग-अलग नहरों में फेंक दिया। शुक्रवार की रात पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर इलाके की तीन नहरों में सघन तलाशी अभियान चलाया। गोताखोरों की मदद से नहरों से पैकेट बंद शरीर के हिस्से बरामद किये गये। इस वीभत्स घटना से पूरे बादुड़िया इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को शनिवार को बशीरहाट कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है ताकि हत्या की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य संभावित चेहरों का पता लगाया जा सके।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in