

नयी दिल्ली : भारतीय वायुसेना मध्य हिमालय क्षेत्र में बड़ा युद्धाभ्यास करने जा रही है। अभी तक लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश से सटे वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के आसपास तो इस तरह की तैयारियां ऑपरेशनल जरूरतों को देखते हुए अक्सर नजरों में आती थीं, लेकिन अब यह उत्तराखंड में LAC के नजदीक होने जा रही हैं।
वायुसेना ने आगामी 13 से 21 नवंबर एक हफ्ते तक उत्तराखंड में बड़े युद्धाभ्यास के इंतजाम किये हैं। इसके लिए नोटम (NOTAM) भी जारी किया गया है। वायुसेना के अधिकारियों का कहना है कि इस युद्धाभ्यास में वायुसेना के फ्रंट लाइन लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे।
उत्तराखंड में वायुसेना के युद्धाभ्यास क्यों?
भारत और चीन के बीच में पूर्वी लद्दाख से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक करीब 3,488 किलोमीटर लंबी सीमा वास्तविक नियंत्रण रेखा है। इसमें लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश को लेकर चीनी सैनिकों की ‘गतिविधियों’ की वजह से बीच-बीच में चर्चाएं होती रहती हैं।
लेकिन मध्य हिमालय का क्षेत्र (हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में करीब 545 किलो मीटर) की LAC आमतौर पर शांत नजर आती है। सैन्य विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे में उत्तराखंड में LAC के नजदीक इस तरह के युद्धाभ्यास के मायने बढ़ जाते हैं।
यही नहीं पिछले एक दशक में मध्य हिमालय के क्षेत्र में भी बाकी सेक्टर की तरह ही मिलिट्री इंफ्रास्ट्रक्चर में काफी वृद्धि हुई है। सीमा के निकटवर्ती एअरबेस में अत्याधुनिक बदलाव हुए हैं और सर्विलांस नेटवर्क को भी दुरुस्त किया गया है। ऐसे में वायुसेना की तैयारियों को परखने के लिए इस तरह के युद्धाभ्यास का महत्त्व समझा जा सकता है।
वायुसेना के फ्रंटलाइन फाइटर जेट
वायुसेना के पास अभी मूल रूप से पांच लड़ाकू जेट हैं, जिनका संचालन वह करती है। जिनमें सुखोई SU-30, राफेल, तेजस LCA, मिराज 2000 और मिग-29 शामिल हैं।
नोटम क्या है?
नोटम किसी विमानन प्राधिकार (AA) की ओर से जारी वह आधिकारिक अलर्ट है, जिसके माध्यम से पायलटों को किसी निश्चित हवाई क्षेत्र में अस्थायी तौर पर संभावित खतरे के प्रति आगाह किया जाता है। यह संदेश निर्धारित समय से पहले ही जारी किया जाता है, ताकि पायलट को पहले से यह सूचना रहे कि किसी निश्चित हवाई मार्ग में उड़ान नहीं भरनी है। नोटम किसी हवाई युद्धाभ्यास या मिसाइलों की परीक्षणों से पहले जारी किया जाता है।