राज्य में तापमान 42°C पार, सुपर एल नीनो से बढ़ी गर्मी

चुनाव से पहले बंगाल में भीषण गर्मी और लू का खतरा
राज्य में तापमान 42°C पार, सुपर एल नीनो से बढ़ी गर्मी
Published on

सुपर एल नीनो के कारण राज्य में पहुंच सकता है 50°C तक पारा

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहा है। कोलकाता समेत आसपास के इलाकों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर पश्चिमी जिलों आसनसोल, पुरुलिया और पश्चिम बर्धमान में गर्मी का प्रकोप अधिक देखा जा रहा है। आसनसोल में तापमान 42.5°C तक दर्ज किया गया है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार के लिए इन क्षेत्रों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन इससे तत्काल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

चुनाव के बीच बढ़ेगी चुनौती

राज्य में चुनावी माहौल के बीच बढ़ती गर्मी प्रशासन और आम जनता दोनों के लिए चुनौती बनती जा रही है। मतदान के पहले चरण के दौरान अत्यधिक गर्मी और उमस बने रहने की आशंका है।

26 अप्रैल से बदल सकता है मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 26 अप्रैल के आसपास दक्षिणी बंगाल में तूफान और बारिश के अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं। इसके साथ ही ‘काल बैसाखी’ (नॉरवेस्टर) तूफानों के लिए 7 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, उत्तर बंगाल में रोजाना बारिश का पूर्वानुमान है।

‘सुपर एल नीनो’ का संभावित असर

विशेषज्ञों का मानना है कि इस वर्ष के दूसरे हिस्से में ‘सुपर एल नीनो’ की स्थिति बन सकती है, जिसका असर भारत के पूर्वी हिस्सों में भी दिखेगा। इसके कारण गर्मी और अधिक तीव्र हो सकती है तथा वर्षा में कमी आ सकती है। आम तौर पर कोलकाता में तापमान 40°C से 45°C के बीच रहता है, लेकिन इस बार यह 50°C तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in