स्वरूपनगर में टीएमसी विधायक बीना मंडल के घर पर हमला, कार्यालय में तोड़फोड़

Swarupnagar Violence: Attack on TMC MLA Bina Mondal's House, Vehicles Damaged.
विधायक के घर के सामने रखी गाड़ी में की गयी तोड़फोड़ REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बशीरहाट उपमंडल के स्वरूपनगर विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित टीएमसी विधायक बीणा मंडल के घर पर मंगलवार दोपहर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। घटना स्वरूपनगर थाने के कैजुरी इलाके की है, जिससे पूरे क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त हो गया है।

विधायक के आवास पर पथराव और वाहनों में तोड़फोड़

विधायक बीणा मंडल का आरोप है कि मंगलवार दोपहर सैकड़ों की संख्या में लोग बाइक रैली निकालते हुए उनके घर के सामने पहुंचे। 'जय श्रीराम' के नारों के बीच प्रदर्शनकारी जबरन घर के गेट के अंदर घुस आए और वहां खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। विधायक के अनुसार, उपद्रवियों ने घर को निशाना बनाकर ईंट-पत्थर फेंके और भद्दी गालियां भी दीं। घटना के समय विधायक घर के अंदर ही मौजूद थीं। सूचना मिलते ही स्वरूपनगर थाने की पुलिस और केंद्रीय बल के जवान मौके पर पहुंचे, जिन्हें विधायक ने सीसीटीवी फुटेज सौंपकर आरोपियों की पहचान करने की मांग की है।

हिंगलगंज में पार्टी कार्यालय पर कब्जा, टीएमसी का झंडा जलाया

हिंसा की एक और घटना हिंगलगंज के कालीबाड़ी इलाके में देखने को मिली, जहां टीएमसी के पार्टी कार्यालय पर कब्जे का आरोप लगा है। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के बाहर लगे टीएमसी नेताओं के पोस्टर और बैनर निकालकर उनमें आग लगा दी। इसके बाद कार्यालय पर ताला जड़कर वहां अपना झंडा लगा दिया गया। स्वरूपनगर के भाजपा नेता वृंदावन सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी ने शांति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं और इस घटना में हाल ही में दल-बदल करने वाले तत्वों का हाथ हो सकता है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in