

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता नगर निगम (KMC) के आयुक्त सुमित गुप्ता को कोलकाता उत्तर जिले के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) की जिम्मेदारी दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने 13 मार्च को अधिसूचना जारी कर इस संबंध में पूर्व की अधिसूचना में संशोधन किया है। नई प्रविष्टि के अनुसार अब 14-कोलकाता उत्तर के लिए कोलकाता नगर निगम (KMC) के नगर आयुक्त को जिला निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। इससे संबंधित क्षेत्र में चुनावी कार्यों और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अब नगर आयुक्त के अधीन होगी।
चुनाव आयोग ने जारी की अधिसूचना
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यह निर्णय भारत के राजपत्र के विशेष अंक में तत्काल प्रकाशन के लिए भेजा गया है। साथ ही राज्य सरकार के राजपत्र के विशेष अंक में भी इसे प्रकाशित करने का निर्देश दिया गया है।
कानूनी प्रावधान के तहत निर्णय
निर्वाचन आयोग ने यह निर्णय लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 13AA (उपधारा 1) के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए लिया है। इस संशोधन से पहले आयोग ने पश्चिम बंगाल सरकार से परामर्श भी किया।
2023 की अधिसूचना में संशोधन
आयोग ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति से संबंधित अधिसूचना संख्या 508/प.बं./2023 दिनांक 1 सितंबर 2023 में संशोधन किया गया है। संशोधन के तहत अधिसूचना से संलग्न तालिका में कोलकाता उत्तर जिले के सामने दर्ज मौजूदा प्रविष्टि को बदल दिया गया है।
सचिव के आदेश से जारी अधिसूचना
यह अधिसूचना भारत निर्वाचन आयोग के सचिव संजित कुमार मिश्रा के आदेश से जारी की गई है।