

कोलकाता : कोलकाता और हावड़ा नगर निगम के वार्डों की संख्या बढ़ाने के लिए बुधवार, 12 अगस्त को विधानसभा का एक दिवसीय विशेष अधिवेशन बुलाया गया है। राज्य सरकार इस दौरान संबंधित नगर कानून में संशोधन विधेयक पेश करेगी।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पिछले गुरुवार को घोषणा की थी कि कोलकाता नगर निगम के वार्ड 144 से बढ़ाकर 209 और हावड़ा के वार्ड 50 से बढ़ाकर 68 किए जाएंगे। विधेयक पारित होने के बाद राज्य चुनाव आयोग और संबंधित विभाग नए वार्डों के गठन की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
विधानसभा सचिवालय के अनुसार बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी। मुख्य एजेंडा नगर कानून संशोधन विधेयक रहेगा। सूत्रों के अनुसार बीएसी की बैठक में दोनों विधेयकों के लिए एक-एक घंटे का समय तय किया गया है।
चर्चा में प्रसून बनर्जी, फिरहाद हकीम और अरूप राय के शामिल होने की संभावना है। वहीं, कुणाल घोष को वक्ताओं की सूची में जगह नहीं मिली है, जबकि शोभनदेव चट्टोपाध्याय का नाम शामिल है।
41 स्थायी समितियों के लिए संचालन समिति गठित
विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस ने सदन की सभी 41 स्थायी समितियों की निगरानी और समन्वय के लिए तीन सदस्यीय संचालन समिति का गठन किया है। समिति में ऋतब्रत गुट के विधायक प्रसून बनर्जी, भाजपा विधायक गोपाल चंद्र साहा और बंकिम घोष को शामिल किया गया है। यह समिति सभी स्थायी समितियों के कामकाज की निगरानी करने के साथ उनके बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करेगी।