

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य के वरिष्ठ मंत्री शोभनदेव चट्टोपाध्याय डोल उत्सव में लोगों के साथ रंग गुलाल खेला। एक दूसरे को शुभकामनाओें का आदान प्रदान हुआ। खास बात यह रही कि शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने मंगलवार डाेल उत्सव बालीगंज के लोगों के साथ मनाया। राजनीतिक गलियारों में चर्चा हो रही है कि क्या शोभनदेव चट्टोपाध्याय वहां से उम्मीदवार बनाये जा सकते हैं। ऐसा इसलिए भी क्योंकि यहां से विधायक बाबुल सुप्रियो को तृणमूल ने राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है। हालांकि यह भविष्यवाणी कितनी सच होती है यह तो आने वाला समय ही बतायेगा।
क्या कहना है शोभनदेव चट्टोपाध्याय का
बालीगंज में उपस्थित रहते हुए शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने कहा, मेरे नेता ने मुझे बलीगंज के कई वार्ड देखने के लिए कहा है। इसीलिए मैं बालीगंज देखने आया हूं। आगामी दिनों में खरदा में भी कई कार्यक्रम हैं। इससे ज्यादा मैं कुछ नहीं कहना चाहता हूं। इस संक्षिप्त टिप्पणी से कई लोग इस संभावना को लगभग निश्चित मान रहे हैं कि हो सकता है कि बालीगंज विधानसभा से शोभनदेव चट्टोपाध्याय को उम्मीदवार बनाया जाये। हालांकि इस वरिष्ठ नेता ने सार्वजनिक रूप से उम्मीदवारी पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेता जो भी निर्देश देंगे, वे उनका पालन करेंगे। फिलहाल उनकी यही सीमित प्रतिक्रिया है।
लंबा राजनीति अनुभव बेहद ही महत्वपूर्ण
शोभनदेव चट्टोपाध्याय के चुनावी कैरियर की बात करें तो उन्होंने 9 बार विधानसभा का चुनाव लड़ा है जिसमें से 2 बार उपचुनाव भी शामिल है। उन्होंने सभी 9 चुनावों में ही जीत हासिल की है। जीत का इतिहास रहा है। पहले उन्होंने बरुईपुर से दो बार, फिर रासबिहारी से पांच बार और उसके बाद भवानीपुर और खरदा के उपचुनावों में भारी बहुमत से जीत हासिल की है। ये सभी बातें दक्षिण कोलकाता की राजनीति में उनके लंबे अनुभव को महत्वपूर्ण बनाती हैं। क्या इस बार बालीगंज भी इस सूची में शामिल हो पाएगा? यह तो आने वाला समय ही बता पायेगा।