हसीना 16 दिसंबर को लौटेंगी स्वदेश!

बांग्लादेश सरकार से किया विमान का बंदोबस्त करने का आग्रह
sheikh_hasina_wajed
शेख हसीना की होगी स्वदेश वापसी!
Published on: 

ढाका : भारत में रह रहीं बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की योजना है। इस दिन बांग्लादेश 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर अपनी विजय का उत्सव मनाता है। हसीना ने साथ ही बांग्लादेश सरकार से आग्रह किया है कि उनके लिए राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान से दिल्ली से उनकी वापसी की व्यवस्था की जाये।

हसीना के प्रवक्ता का दावा : ‘बिमान एअरलाइंस’ से लौटेंगी पूर्व प्रधानमंत्री

हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मिल अली ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी। अली ने कहा कि उन्होंने 9 और 19 नवंबर को अपने वकील द्वारा भेजे गये पत्रों के माध्यम से नयी दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग से आवश्यक यात्रा दस्तावेजों का अनुरोध किया है। अली ने मीडिया के साथ साझा किये बयान में कहा कि शेख हसीना ने इस बात पर जोर दिया है कि वे बांग्लादेश की राष्ट्रीय विमानन कंपनी ‘बिमान एअरलाइंस’ से लौटेंगी। इस बयान से ढाका में तीखी प्रतिक्रिया आयी है और सरकार ने कहा है कि हसीना को ‘हथकड़ियों में’ वापस लाया जायेगा और उनके साथ वैसा ही बर्ताव किया जायेगा जैसा विदेश में रह रहे किसी दोषी भगोड़े के साथ किया जाता है।

‘वापसी सुगम बनाना सरकार की जिम्मेदारी’

अली ने कहा कि सरकार की उनकी वापसी सुगम बनाने की जिम्मेदारी है। गौरतलब है कि छात्रों के नेतृत्व में हुए व्यापक जनविद्रोह के कारण हसीना के 15 साल के शासन का अंत होने के साथ वह पांच अगस्त, 2024 को भारत चली गयी थीं, जहां वे निर्वासन में रह रही हैं। हसीना को उस जनविद्रोह से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनायी गयी थी, जिसमें सैकड़ों प्रदर्शनकारी मारे गये थे। हसीना ने इस फैसले को खारिज करते हुए कहा है कि वे स्वदेश लौटने के बाद मुकदमे का सामना करने के लिए तैयार हैं।

बांग्लादेश कर रहा प्रत्यर्पण की मांग

बांग्लादेश भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है, वहीं नयी दिल्ली ने कहा है कि ढाका के अनुरोध पर कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से अध्ययन किया जा रहा है। हसीना की वापसी का मुद्दा बांग्लादेश और भारत के बीच तनाव का एक बड़ा कारण बन गया है। इस बीच प्रधानमंत्री के सूचना एवं प्रसारण सलाहकार जाहिद उर रहमान ने कहा कि हसीना को वापस लाने के बारे में उनसे कोई चर्चा नहीं हुई है और उनके प्रत्यर्पण पर बातचीत भारत के साथ होगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News