

* BSF ने किया फुल कमिटमेंट
* सीमा पार से किसी भी प्रकार की ना हाे घुसपैठ
* अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी
* राज्यपाल ने बीएसएफ की तैयारियों को सराहा
सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : विधानसभा चुनाव से पहले सीमा सुरक्षा पर लोकभवन में हाई लेवल बैठक हुई। राज्यपाल आर एन रवि ने बीएसएफ के अतिरिक्त महानिदेशक एवं पूर्वी कमान, कोलकाता के प्रमुख सुमित शरण के साथ अहम बैठक की। इस बैठक को आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, खासकर राज्य के कई संवेदनशील क्षेत्रों के इतिहास को देखते हुए। हिंसा की घटनाएं ना हो, लोग शांतिपूर्वक मतदान कर सकें, इस पर बीएसएफ की अपनी रणनीति तैयार है और बीएसएफ की तरफ से लोकभवन काे फुल कमिटमेंट किया गया है। लोकभवन से मिली जानकारी के मुताबिक बीएसएफ की तरफ से राज्यपाल को बांग्लादेश सीमा की वर्तमान सुरक्षा स्थिति और आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बीएसएफ की भूमिका एवं तैनाती की जानकारी दी गयी।
बल पूरी तरह सतर्क है
बीएसएफ के अतिरिक्त महानिदेशक ने आश्वस्त किया कि बल पूरी तरह सतर्क है और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में पूर्व में हुई चुनाव संबंधी हिंसा को ध्यान में रखते हुए राज्यपाल ने आम जनता में विश्वास बहाली और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। बीएसएफ की ओर से उन्हें चुनाव के दौरान सुरक्षा रणनीति को लेकर भरोसा दिया गया है। राज्यपाल ने बीएसएफ की तैयारियों की सराहना की। उल्लेखनीय है कि राज्य में चुनाव का बिगुल बज चुका है। 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में चुनाव होना है तथा 4 मई को नतीजे घोषित होंगे। बता दें कि राज्य की कई विधानसभा सीटें सीमा से सटी हुई हैं।
अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े होने से कई क्षेत्र हैं संवेदनशील
कई क्षेत्र सीधे या बेहद नजदीक अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े हुए हैं। इसलिए चुनाव के समय यहां सुरक्षा व्यवस्था विशेष रूप से संवेदनशील मानी जाती है। उत्तर 24 परगना की करीब 6 से 7 सीटें अत्यधिक सीमा से सटी हुई हैं, नदिया, मुर्शिदाबाद और सुंदरबन के कई सीटें इनमें शामिल हैं।