नयी दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने नजदीकी खून के रिश्ते में शादी करने को लेकर केंद्र से जवाब मांगा है। कोर्ट ने करीबी रिश्ते में शादी करने को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि रक्त संबंधियों के बीच विवाह करने से नुकसान होता है। इसके बारे में लोगों को जागरूक करना चाहिए।
मामला बेंगलुरू की दृष्टिबाधित छात्रा का
दरअसल बेंगलुरू की रहने वाली एक दृष्टिबाधित छात्रा ने सुप्रीम कोर्ट में बताया था कि उसके माता-पिता रक्त संबंधी हैं। उन दोनों की वजह से उसे जन्मजात आनुवांशिक (जेनेटिक) परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि वह इस तरह की शादियों पर रोक नहीं लगा सकता है। हालांकि इसको लेकर कानून बनाया जा सकता है और वह संसद के दायरे में आता है। कोर्ट ने केंद्र को नोटिस जारी कर पूछा है कि क्या इस तरह की शादियां रोकने के लिए कोई कानून लाया जा सकता है?
कोर्ट ने माना : रक्त संबंधियों से शादी पर हो सकती है परेशानी
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि शादी किससे करना है यह तो किसी की भी निजी पसंद होती है। लेकिन इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि करीबी रक्त संबंधियों से शादी करने पर सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को इसकी जानकारी होनी चाहिए। याची ने सुप्रीम कोर्ट में बताया कि दक्षिण के राज्यों में करीबी रक्त संबंधियों के बीच शादी का प्रचलन ज्यादा है। इस तरह की लगभग 30 फीसदी शादियां होती हैं। इस वजह से सेहत से जुड़ी दिक्कतें भी होती रहती हैं। इसपर प्रधान न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कहा कि इस बात को लेकर आंगनवाड़ी या फिर पंचायत के स्तर पर जागरूक करने की जरूरत है। इसके पीछे की वैज्ञानिक सोच और कारण को लोगों के सामने रखा जाना चाहिए।
मुस्लिम पर्सनल लॉ में इस तरह की शादियों को मान्यता
गौरतलब है कि मुस्लिम पर्सनल लॉ में करीबी संबंधियों के बीच शादी को मंजूरी है। हालांकि हिंदू मैरिज ऐक्ट में कुछ रिश्तों में शादी करने पर रोक है। हालांकि इसको लेकर कोई बहुत कड़ा कानून नहीं है। दक्षिणी राज्यों में भी यह चलन है। ऐडवोकेट अंजुमन त्रिपाठी के माध्यम से दायर याचिका में चिकित्सा विज्ञान का हवाला देकर कहा गया है कि रक्त संबंधों में शादियां करने पर बच्चों में विकृतियां आ सकती हैं।