

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शुरू हुई टूट अब ग्रामीण स्तर तक पहुंच गई है। उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में पार्टी को बड़ा झटका लगा है। यहां दोनों ब्लॉकों के पंचायत प्रतिनिधियों और संगठन से जुड़े नेताओं समेत करीब 70 लोगों ने एक साथ तृणमूल छोड़कर नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) का दामन थाम लिया। 22 नवंबर को कोलकाता के कसबा में आयोजित कार्यक्रम में इन नेताओं को औपचारिक रूप से NCPI में शामिल कराया गया। राजनीतिक दृष्टि से संदेशखाली में हुई यह टूट इसलिए अहम है, क्योंकि कभी तृणमूल का मजबूत गढ़ रहे इस इलाके में अब उसके संगठनात्मक आधार पर सवाल उठने लगे हैं।
पंचायतों में बदला सत्ता का गणित
इस दलबदल में संदेशखाली-2 पंचायत समिति के 24 सदस्यों में से 17 सदस्य शामिल हैं। वहीं, संदेशखाली-1 ब्लॉक की नजत-2 ग्राम पंचायत के 26 में से 19 सदस्यों ने पाला बदल लिया है। इसके अलावा संदेशखाली-2 ब्लॉक की संदेशखाली, बेरमजुर, दुर्गामंडप और कराकाटी ग्राम पंचायतों के क्रमशः 11, 10, 14 और 15 सदस्य NCPI में शामिल हुए हैं। इससे इलाके की कई पंचायतों में तृणमूल का राजनीतिक नियंत्रण कमजोर होने की आशंका है।
बशीरहाट में तृणमूल के लिए बढ़ती चुनौती
यह बदलाव केवल संदेशखाली तक सीमित नहीं है। NCPI का दावा है कि बशीरहाट लोकसभा क्षेत्र में तृणमूल के कब्जे वाली 13 ग्राम पंचायतें और दो पंचायत समितियां उसके नियंत्रण में आ चुकी हैं। मीनाखान पंचायत समिति के 23 निर्वाचित सदस्यों में से 13, जिनमें उपाध्यक्ष भी शामिल हैं, NCPI में जा चुके हैं। कुल्टी ग्राम पंचायत के 20 में से 13 सदस्यों ने भी पाला बदला है। उत्तर दिनाजपुर के गोलपोखर-2 और इस्लामपुर में भी दलबदल से पंचायतों का समीकरण बदला है।
भाजपा की रणनीति पर भी सवाल
विधानसभा चुनाव में तृणमूल की हार के बाद उसके 27 लोकसभा सांसदों में से 20 के NCPI से जुड़कर NDA को समर्थन देने की घटना ने इस राजनीतिक बदलाव की पृष्ठभूमि तैयार की थी। तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने NCPI को भाजपा की बी और सी टीम बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सहयोगी दलों के जरिये तृणमूल का संगठन तोड़ रही है। माकपा नेता सुजन चक्रवर्ती ने भी इसे भाजपा की रणनीति का हिस्सा बताया। दूसरी ओर, भाजपा सांसद सुकांत मजूमदार ने कहा कि तृणमूल नेताओं का NCPI में जाना उनका अपना फैसला है। NCPI का दावा है कि NDA के विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग उसके साथ आ रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के लिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि NCPI का यह विस्तार स्वतंत्र राजनीतिक ताकत बनने की कोशिश है या भाजपा के नेतृत्व वाले NDA के लिए तृणमूल के असंतुष्ट नेताओं को जोड़ने का वैकल्पिक रास्ता। संदेशखाली में एक साथ 70 नेताओं का पाला बदलना इस बात का संकेत है कि तृणमूल की अंदरूनी चुनौती अब केवल शीर्ष नेतृत्व तक सीमित नहीं रही, बल्कि उसके ग्रामीण संगठन की जड़ों तक पहुंच गई है।