बालू सिंडिकेट विवाद पर ऋतब्रत ने कीर्ति आजाद को घेरा

पहुंचे भवानी भवन, वायरल ऑडियो पर जांच की मांग
विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी
विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी
Published on

कोलकाता : राज्य में सिंडिकेट कारोबार को लेकर एक वायरल ऑडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने दावा किया है कि ऑडियो में बालू के सिंडिकेट के ‘बंटवारे’ को लेकर बातचीत हो रही है। हालांकि, इस ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान ऋतब्रत ने ऑडियो सुनाते हुए कहा कि इसकी सत्यता की जांच फॉरेंसिक तरीके से होनी चाहिए। उन्होंने मामले की CID जांच की मांग करते हुए भवानी भवन में पत्र भी दिया है। उनका दावा है कि ऑडियो में राज्य के एक पूर्व मंत्री का नाम लिया गया है और एक आवाज किसी सांसद की हो सकती है।

ऋतब्रत ने बिना नाम लिए तृणमूल सांसद कीर्ति आजाद पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऑडियो में सुनाई दे रही एक आवाज उस सांसद की आवाज से मिलती-जुलती है, जिसकी आवाज हाल में बर्दवान में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सुनी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंडिकेट, वसूली, कटमनी और हिस्सेदारी का यह मामला गंभीर है।

जरूरत पड़ने पर ऑडियो में जिन लोगों की आवाज होने का दावा किया जा रहा है, उन्हें बुलाकर पूछताछ की जानी चाहिए। ऋतब्रत ने कहा कि वह आगे यह ऑडियो ईडी और सीबीआई को भी सौंपेंगे तथा लोकसभा अध्यक्ष को भी सुनाएंगे।

वहीं, कीर्ति आजाद ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है और उन्हें बदनाम करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने दावा किया कि वायरल ऑडियो एआई से तैयार किया गया हो सकता है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in