

सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के रहड़ा थाना अंतर्गत सिधा आवासन में पत्नी के कथित प्रेम-प्रसंग का विरोध करने पर पति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी के परिजनों और रिश्तेदारों ने मिलकर युवक पर हमला कर दिया। इस दौरान बंदूक के बट से भी उसकी पिटाई की गई। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को कमरहाटी स्थित सागर दत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 36 वर्षीय सादाब अंजुम की करीब तीन वर्ष पहले 26 वर्षीय सोहिनी चक्रवर्ती से शादी हुई थी। दोनों की दो वर्ष की एक बेटी भी है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि सोहिनी का आशीष सिंह नामक व्यक्ति के साथ कथित प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
दीपावली की रात सार्वजनिक रूप से मारपीट का आरोप
परिजनों के मुताबिक, दीपावली की रात सिधा आवासन में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि सोहिनी के परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने सादाब को घेरकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उस पर बंदूक के बट से भी हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस पर शिकायत दर्ज नहीं करने का आरोप
घटना के बाद पीड़ित के परिजन शिकायत दर्ज कराने रहड़ा थाने पहुंचे। हालांकि, परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की। सादाब के भाई और मां ने दावा किया कि शादी के बाद से ही उसे पत्नी की ओर से आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा था। सोने के आभूषण और पैसों को लेकर भी दोनों परिवारों के बीच विवाद होता था। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि युवक गंभीर रूप से घायल है, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। परिवार ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।