

इटली के बर्गामो प्रांत के कोवो शहर में वैसाखी पर्व से ठीक पहले एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गुरुद्वारे के बाहर गोलीबारी में दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार देर रात उस समय हुई जब लोग Vaisakhi के अवसर पर एकत्र हुए थे और कार्यक्रम के बाद लौट रहे थे। घटना Gurdwara Mata Sahib Kaur Ji के बाहर हुई।
मृतकों की पहचान 48 वर्षीय रगिंदर सिंह और 48 वर्षीय गुरमीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों स्थानीय भारतीय समुदाय से जुड़े थे और कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर ने अचानक दोनों पर गोलियां चलाईं और मौके से कार में फरार हो गया। घटनास्थल से करीब 10 खोखे बरामद किए गए हैं, जिससे साफ है कि हमले को अंजाम देने के लिए कई राउंड फायरिंग की गई।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह कोई अचानक हुआ झगड़ा नहीं, बल्कि “सोची-समझी साजिश” के तहत किया गया हमला हो सकता है। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, हमलावर भी भारतीय मूल का हो सकता है और वह भी उसी गुरुद्वारे में आता-जाता था।
बताया जा रहा है कि इस गोलीबारी में एक तीसरा व्यक्ति भी मामूली रूप से घायल हुआ है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी है। इस बीच, शनिवार को होने वाला वैसाखी का आधिकारिक समारोह भी इस घटना के साए में आ गया है, जिससे स्थानीय भारतीय समुदाय में डर और शोक का माहौल है।