

-
निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : राज्यभर में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से अस्पतालों के बुनियादी ढांचे और सेवाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न जिलों में स्थानीय विधायक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अस्पतालों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में हावड़ा के सत्य बाला आईडी अस्पताल को भविष्य में मल्टी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में बदलने की योजना पर चर्चा तेज हो गई है। हावड़ा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों में आधुनिक सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधि लगातार अस्पतालों का दौरा कर रहे हैं। अस्पतालों की वर्तमान स्थिति, मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं और स्वास्थ्य ढांचे की कमियों का जायजा लिया जा रहा है ताकि जल्द आवश्यक सुधार किए जा सकें।
स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए अस्पतालों का दौरा कर रहे विधायक और अधिकारी
इसी कड़ी में भाजपा विधायक उमेश राय ने सत्य बाला आईडी अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा कर मरीजों से बातचीत की तथा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा विधायक ने अस्पताल कर्मियों और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की आधारभूत संरचना, साफ-सफाई, चिकित्सा सेवाओं और मरीजों की सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। विधायक ने कहा कि अस्पताल को भविष्य में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मल्टी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे, जिससे हावड़ा और आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।