विमान के उड़ान भरते ही एक पहिया टूटकर नीचे जमीन पर गिरा!

कांदला से मुंबई जा रहा था स्पाइसजेट विमान, सवार थे 75 यात्री, पायलट ने करायी सेफ लैंडिंग
spicejet_plane_narrow_escape
सांकेतिक
Published on

मुंबई : गुजरात के कांदला से मुंबई जा रहे स्पाइसजेट के विमान के साथ शुक्रवार को विमान के उड़ान भरते ही एक पहिया टूटकर नीचे जमीन पर गिर गया। विमान में 75 लोग सवार थे। गनीमत यह रही कि विमान मुंबई में सुरक्षित लैंड कर गया।

कांदला एटीसी ने दी पायलट को पहिया गिरने की सूचना

पहिए के नीचे गिरने की जानकारी कांदला वायु यातायात नियंत्रण (एटीसी) ने दी, जिसके बाद मुंबई एअरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गयी। शाम करीब चार बजे विमान की मुंबई में सुरक्षित लैंडिंग हो गयी। पहिए के जमीन पर गिरते ही पायलट ने सूझबूझ के साथ विमान को मुंबई के रनवे पर लैंड कराया। शाम पांच बजे तक मुंबई एअरपोर्ट पर इमरजेंसी की घोषणा की गयी ताकि विमान को किसी भी तरह सुरक्षित नीचे उतारा जा सके।

पायलट ने जारी रखी उड़ान

स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार को कांदला से मुंबई जा रहे स्पाइसजेट क्यू400 विमान का एक बाहरी पहिया उड़ान भरने के बाद रनवे पर पाया गया लेकिन विमान ने मुंबई की अपनी यात्रा जारी रखी और सुरक्षित रूप से उतर गया। सुचारू लैंडिंग के बाद विमान टर्मिनल तक पहुंचा और सभी यात्री सामान्य रूप से उतर गये। भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण (एएआई) के एक अधिकारी ने कहा कि कांदला एटीसी ने कुछ गिरता हुआ देखा। उड़ान के बाद उन्होंने पायलट को इसकी जानकारी दी और एटीसी जीप को गिरी हुई चीज लाने के लिए भेजा गया। जब एटीसी की टीम वहां पहुंची तो मेटल के छल्ले और एक पहिया जमीन पर पाया गया।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in